MP में बड़ी साइबर ठगी: विधायक संजय पाठक की कंपनी से उड़ाए गए 1.5 करोड़, पुलिस जांच में जुटी

कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी से भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी मैसर्स रामचंद्र फर्म से 1.5 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर का व्हाट्सएप नंबर स्पूफ (हैक) कर अकाउंटेंट को मैसेज भेजा और 1.5 करोड़ रुपये एक अज्ञात खाते में ट्रांसफर करवा लिए। वरिष्ठ अधिकारी का नंबर देखकर अकाउंटेंट को कोई शक नहीं हुआ और उसने तुरंत रकम भेज दी। बाद में डायरेक्टर से बातचीत के दौरान ठगी का खुलासा हुआ।

फ्लाइट से उतरते ही हुई पुलिस में शिकायत

घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है, जब विधायक संजय पाठक हवाई यात्रा पर थे। शाम को फ्लाइट से उतरने के बाद जैसे ही उन्हें धोखाधड़ी की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को सूचित किया। इसके बाद रंगनाथ नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए थे, उस पर तुरंत होल्ड लगवाया, जिससे करीब 16 लाख रुपये की राशि सुरक्षित बचा ली गई।

कोलकाता से जुड़े तार, साइबर टीम जांच में जुटी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कमल मौर्य ने बताया कि अकाउंटेंट शैलेश तिवारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर साइबर टीम को जांच सौंपी गई है। शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि ठगी गई रकम की निकासी कोलकाता में हुई है। पुलिस अब बैंकिंग ट्रेल, आईपी एड्रेस और डिजिटल साक्ष्यों को खंगालकर साइबर अपराधियों के ठिकाने तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Latest news

Related news