रतलाम में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार मां-बेटे की मौत, पिता का अस्पताल में इलाज जारी

रतलाम। जिले के नामली क्षेत्र में फोरलेन पर एक अत्यंत हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां एक अनियंत्रित ट्रक की भीषण टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मां और उसके महज एक महीने के मासूम बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। हालांकि, ईश्वर की कृपा से बाइक से उछलकर दूर गिरी दो वर्षीय मासूम बच्ची पूरी तरह सुरक्षित बच गई है और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

नवजात को टीका लगवाने जाते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदसौर के लामगरी गांव का निवासी अनिल अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने बड़ौदा आया हुआ था। बीते माह ही उसकी 25 वर्षीय पत्नी सुगन ने एक बेटे को जन्म दिया था। मंगलवार को अनिल अपनी पत्नी सुगन, दो साल की बेटी अर्चना और एक महीने के नवजात बेटे हर्षित को मोटरसाइकिल पर बैठाकर टीका लगवाने के लिए नामली स्थित शासकीय स्वास्थ्य केंद्र की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक फोरलेन पर नामली से पहले कृषि उपज मंडी के प्रवेश द्वार के समीप बने स्पीड ब्रेकर के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को पीछे से रोंदा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्पीड ब्रेकर आने पर बाइक चालक अनिल ने जैसे ही वाहन की गति धीमी की, पीछे से तेज गति से आ रहे भारी ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से अनिल और उसकी दो वर्षीय बेटी सड़क के किनारे दूर जा गिरे, जबकि सुगन और उसका एक माह का बेटा ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। दर्दनाक हादसे में दोनों की मौके पर ही सांसें थम गईं। दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय निवासियों की मदद से घायल अनिल को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और दोनों मृतकों के शवों को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसा कारित करने के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, परंतु केबल कटने की वजह से कैमरे बंद पाए गए, जिससे फुटेज प्राप्त नहीं हो सके। फिलहाल पुलिस अन्य माध्यमों से फरार चालक की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।

Latest news

Related news