छिंदवाड़ा हादसे में मृत बच्ची के परिवार को 4 लाख, दो बच्चों का इलाज कराएगी सरकार

जबलपुर: छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (SNCU) में हुए दर्दनाक हादसे में झुलसी एक बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

पीड़ित परिवार को 4 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान

दिवंगत बच्ची के परिजनों को संबल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में झुलसे अन्य दो नवजात बच्चों के इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती दोनों बच्चों के संपूर्ण उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रशासन लगातार संपर्क में

मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद छिंदवाड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासनिक अधिकारी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। अस्पताल में भर्ती दोनों नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की स्थिति पर लगातार बारीक नजर रखी जा रही है, ताकि उन्हें हर संभव उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

वॉर्मर में शॉर्ट सर्किट से हुआ था भीषण हादसा

यह दुखद घटना छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में वॉर्मर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण स्पार्क होने से घटी थी। अचानक लगी आग की चपेट में आने से वहां रखे तीन नवजात शिशु गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे के वक्त बच्चों की उम्र महज 6 से 12 दिन के बीच थी। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जबलपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान एक बच्ची जिंदगी की जंग हार गई और दो अन्य का इलाज अभी भी जारी है।

Latest news

Related news