नशे के खिलाफ उज्जैन में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध शराब जब्त

उज्जैन: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान निरंतर जारी है। रविवार रात आबकारी टीम ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न होटल तथा ढाबों पर अचानक दबिश देकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त करते हुए अनेक आरोपियों को दबोचा है।

11 प्रकरण दर्ज, 10 आरोपी गिरफ्तार

आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी मुकेश रंधा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत विभाग ने कुल 11 मामले दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान 10 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि 40 किलोग्राम महुआ लहान (कच्ची शराब) और 8 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।

नागदा, खाचरौद, बड़नगर और तराना में सिलसिलेवार कार्रवाई

विभाग द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में की गई प्रमुख कार्रवाइयों का विवरण:

  • नागदा-उज्जैन बाईपास: चामुंडा ढाबे पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब परोसने और बेचने के खेल का भंडाफोड़ किया गया। वहीं नागदा के टकरावदा में टीम को देखते ही एक संदिग्ध अपना सामान छोड़कर फरार हो गया, जिसके खिलाफ अज्ञात में मामला पंजीकृत किया गया है।

  • खाचरौद क्षेत्र: पालना गांव में छापेमारी कर कन्हैया लाल बागरी नामक व्यक्ति को अवैध देशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

  • तराना एवं बड़नगर: तराना में सेवाराम मालवीय और नेपालसिंह राजपूत को अवैध शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त बड़नगर में भी दो अलग-अलग व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और अवैध शराब की बिक्री के विरुद्ध यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Latest news

Related news