भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मामूली विवाद और शराब के लिए पैसे न देने पर हिंसा की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। निशातपुरा इलाके में शराब के लिए रुपये न देने पर एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया, वहीं कोहेफिजा क्षेत्र में दुर्गा झांकी के दौरान रॉन्ग साइड से बाइक निकालने का विरोध करने पर तीन युवकों ने एक अन्य युवक पर चाकू से वार कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
निशातपुरा में शराब के लिए रुपये न मिलने पर हमला
निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक, शांति नगर निवासी आकाश रजक ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीते दिनों देर रात शोर शराबा सुनकर जब वह घर से बाहर आया, तो उसने देखा कि इलाके के ही रहने वाले अजीत यादव और बंदी उसके बड़े भाई शुभम रजक पर लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से हमला कर रहे हैं। आरोपी शुभम से शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहे थे। आकाश के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, तब तक शुभम गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो चुका था। पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अड़ीबाजी और हत्या के प्रयास का मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
कोहेफिजा में रॉन्ग साइड बाइक ले जाने का विरोध करने पर चाकूबाजी
दूसरी घटना कोहेफिजा थाना क्षेत्र की है, जो दुर्गा झांकी विसर्जन के दौरान हुई। पुलिस के अनुसार, बरेला गांव (लालघाटी) निवासी 18 वर्षीय आर्यन परते अपने साथी अजय मालवीय के साथ बाइक पर सवार होकर दुर्गा झांकी के आगे चल रहा था। रात करीब साढ़े बारह बजे जब झांकी बरेला गांव स्थित वाइन शॉप के पास पहुँची, तो अरुण, संदीप और अमन नाम के युवक रॉन्ग साइड से अपनी मोटरसाइकिल लेकर आए। आर्यन द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया और सभी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

