मध्य प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं पर मंथन, अहमदाबाद में उद्योगपतियों से मिलेंगे सीएम मोहन यादव

भोपाल| मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यानी बुधवार को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अहमदाबाद के ताज स्काईलाइन होटल में देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर विशेष संवाद करेंगे। साथ ही, वे अहमदाबाद में आयोजित होने वाले मेगा निवेश रोड शो के माध्यम से गुजरात के दिग्गज उद्योग जगत को मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, अनुकूल औद्योगिक नीतियों और शासन द्वारा दी जा रही निवेशक-अनुकूल सुविधाओं से अवगत कराएंगे।

इस उच्चस्तरीय निवेश संवाद का मुख्य उद्देश्य गुजरात के उद्योगपतियों और निवेशकों को मध्य प्रदेश की मजबूत औद्योगिक क्षमता, बेहतर कारोबारी माहौल और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद विकास की असीम संभावनाओं से परिचित कराना है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान गुजरात के निवेशकों को आगामी 'ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027' के लिए आमंत्रित भी करेंगे।

प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अहमदाबाद प्रवास के दौरान विभिन्न प्रमुख औद्योगिक घरानों और निवेशकों के प्रतिनिधियों के साथ व्यक्तिगत (वन-टू-वन) बैठकें करेंगे। इन बैठकों में उद्योगपतियों के साथ मध्य प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने, राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं और निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।

कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा, जिसमें प्रदेश की आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, भूमि की उपलब्धता, नीतिगत प्रोत्साहन और कुशल मानव संसाधन पर प्रकाश डाला जाएगा। विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग), नवकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, आईटी, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स और लॉजिस्टिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश को लेकर विशेष चर्चा की जाएगी।

दिग्गज उद्योगपतियों से होगी खास चर्चा

  • मुख्यमंत्री अरविंद लिमिटेड, टोरेंट पावर और अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वस्त्र, ऊर्जा, अधोसंरचना और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

  • इसके साथ ही, हरी कृष्णा एक्सपोर्ट्स के चेयरमैन सावजी ढोलकिया, चिरिपाल ग्रुप के चेयरमैन बृजमोहन चिरिपाल और अग्रवाल ग्रुप के चेयरमैन चिमन भाई शाह के साथ भी उनकी व्यक्तिगत बैठकें निर्धारित हैं।

  • इस दौरान अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन) नीरज मंडलोई प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य और नीतियों का प्रस्तुतिकरण देंगे, जबकि प्रमुख सचिव (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) एम. सेल्वेन्द्रन टेक इकोसिस्टम, स्टार्टअप्स और अनुसंधान आधारित निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे।

स्पेसटेक विजन फोरम- मध्य प्रदेश का होगा आयोजन

इस दौरे के एक अन्य महत्वपूर्ण चरण में 'स्पेसटेक विजन फोरम- मध्य प्रदेश' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश की 25 से अधिक प्रमुख स्पेस टेक कंपनियां, स्टार्टअप्स, निवेशक और उद्योग विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस फोरम के दौरान राज्य की 'स्पेस टेक पॉलिसी-2026' और प्रस्तावित स्पेस टेक क्लस्टर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) प्रस्तुत की जाएगी, जिससे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मध्य प्रदेश को एक नया हब बनाने की दिशा में बढ़ावा मिलेगा।

Latest news

Related news