परिवार दिल्ली गया था, करनाल के घर में युवक मृत मिला; रोजगार को लेकर था परेशान

करनाल | करनाल जिले के सैदपुरा इलाके में 26 वर्षीय युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया है। युवक का शव शुक्रवार देर शाम उसके घर में मिला। घटना के समय वह घर पर बिल्कुल अकेला था। परिजनों के अनुसार, युवक काफी समय से काम नहीं मिलने के कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था।

मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

मृतक की पहचान नवीन शर्मा के रूप में हुई है। उसके पिता गौरी शंकर ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली गए हुए थे। नवीन की मां की तबीयत खराब होने के कारण उनका दिल्ली में ही इलाज चल रहा था। नवीन भी कुछ समय पहले अपने परिवार से मिलने दिल्ली गया था, लेकिन बाद में करनाल स्थित अपने घर वापस लौट आया था।

पिता के घर लौटने पर हुआ घटना का खुलासा

रविवार को पिता हिसार से अपना काम निपटाकर देर शाम सैदपुरा स्थित घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और फोन करने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब उन्होंने खिड़की के रास्ते अंदर झांककर देखा, तो नवीन मृत अवस्था में मिला।

रोजगार नहीं मिलने से रहता था परेशान

परिजनों के मुताबिक, नवीन 10वीं कक्षा तक पढ़ा हुआ था और काफी लंबे समय से रोजगार की तलाश में जुटा था। काम नहीं मिलने के कारण वह अंदर ही अंदर परेशान रहने लगा था। हालांकि, उसने अपने परिवार के सदस्यों से इस परेशानी के बारे में खुलकर कोई बात नहीं की थी।

पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस पूरे मामले में आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Latest news

Related news