कौन थी युध‍िष्‍ठ‍िर और द्रौपदी की पुत्री? इसके विवाह ने श्रीकृष्ण से बदल दिया था पांडवों का रिश्ता!

सनातन परंपरा में महाभारत और रामायण दो ऐसे महाकाव्‍य हैं, ज‍िनके वक्‍तव्‍य आज के दौर में भी उतने ही सही और सटीक बैठते हैं. महाभारत के सबसे सशक्‍त महिला क‍िरदारों की बात करें तो इसमें सबसे पहले नाम आता है द्रौपदी का. 5 पांडवों की पत्‍नी द्रौपदी का ज‍िक्र जब भी महाभारत में आता है, उसकी वाकपटुता, उसकी बुद्ध‍िमता आज भी हैरान कर देती है. महाभारत और रामायण ऐसे ग्रंथ हैं, ज‍िनकी अनेक कहानियां लोग जानते हैं. फिर भी इन महाकाव्‍यों से जुड़ी कुछ ऐसी कहानियां रही हैं, जिनके बारे में कम ही लोग जानते हैं. ऐसा ही एक क‍िरदार है द्रौपदी और युध‍िष्‍ठ‍िर की पुत्री सुथनु. सुथनु ही वह कन्‍या है, ज‍िसके विवाह के बाद द्रौपदी, पांडवों के श्रीकृष्‍ण के बीच एक रिश्‍ता कायम हो गया. सुथनु का जिक्र महाभारत से जुड़ी लोक-कथाओं में आता है.

पांडवों ने द्रौपदी से विवाह किया, जो पांचाल नरेश द्रुपद की पुत्री और धृष्टद्युम्न की जुड़वां बहन थी. द्रौपदी के पांचों पाण्डवों से एक-एक पुत्र हुआ था. युधिष्ठिर से प्रतिविन्द्य, भीम से सुतसोम, अर्जुन से श्रुतकिर्ती, नकुल से शतानीक और सहदेव से श्रुतकर्मा नाम के पुत्र का जन्‍म हुआ था. जानीमानी लेख‍िका और महाभारत के अनगिनत रहस्‍यों पर बात करने वालीं अमी गणात्रा अपनी क‍िताब में इस बात का ज‍िक्र करते हुए बताती हैं कि लोक कथाओं के अनुसार द्रौपदी और युधिष्ठिर की एक पुत्री भी थी, जिसका नाम सुथनु था. कहा जाता है कि युद्ध के बाद उसका विवाह श्रीकृष्ण और सत्यभामा के पुत्र भानू से हुआ था. इस कथा के अनुसार श्रीकृष्‍ण, ज‍िनकी बहन से अर्जुन ने व‍िवाह क‍िया था, वही द्रौपदी और युध‍िष्‍ठ‍िर की बेटी के ससुर भी थे. लेकिन महर्षी वेदव्‍यास की महाभारत में द्रौपदी की पुत्री का कोई उल्लेख नहीं है. वहीं दूसरी तरफ महाभारत में दुर्योधन के पुत्र की बात करें तो यहां केवल एक पुत्र लक्ष्मण का विशिष्ट उल्लेख मिलता है. परन्तु श्रीमदभागवत पुराण में दुर्योधन के पुत्र लक्ष्मण और पुत्री लक्ष्मणा का उल्लेख है जिसका श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब’ से व‍िवाह हुआ था.
द्रौपदी के अलावा, पांडवों की पत्‍नियां
पांडवों के साथ द्रौपदी के व‍िवाह के बारे में कई कथाएं प्रचल‍ित हैं. लेकिन पांचों पांडवों की अन्य पत्नियां भी थीं. युधिष्ठिर ने शैब्य राजा गोवासन की बेटी देविका से विवाह किया. उनका उसके साथ एक पुत्र था जिसका नाम यौधेय था. भीम की बात करें तो द्रौपदी के अलावा उनकी 2 पत्नियां थीं. एक थी राक्षस जनजाति की हिडिम्बा और दूसरी काशी की राजकुमारी वलंधरा. भीम के हिडिम्बा से घटोत्कच और वालंधरा से सर्वर्ग नामक पुत्र हुए.

वहीं द्रौपदी के अलावा अर्जुन ने भी 3 व‍िवाह क‍िए थे. उन्‍होंने एक नाग राजकुमारी उलूपी, मणिपुर के दक्षिणी तटीय राज्य की राजकुमारी चित्रांगदा और श्रीकृष्ण की बहन सुभद्रा से विवाह किया. उन तीनों से अर्जुन को एक-एक पुत्र प्राप्त हुआ. जिनके नाम क्रमशः इरावन, बब्रूवाहन और अभिमन्यु थे. नकुल ने चेदी राज्य की करेनुमति से विवाह किया और उनका निरामित्र नाम का एक पुत्र हुआ. सहदेव ने मद्रदेश के राजा द्युतिमान की पुत्री विजया से विवाह किया. उन दोनों का सुहोत्र नाम का एक पुत्र हुआ. हालांकि व‍िडंबना ये रही कि महाभारत युद्ध में ये सभी मारे गए. पांडवों के इन सभी पुत्रों में से स‍िर्फ अभिमन्यु ने कुरुवंश को आगे बढ़ाया. उसका विवाह मत्स्यदेश के राजा विराट और सुदेष्णा की पुत्री उत्तरा से हुआ था और अभ‍िमन्‍यू और उत्तरा का पुत्र ही परिक्षित था.

Latest news

Related news