विजय के साथ रणबाली में काम करने के अनुभव को रश्मिका ने किया साझा

मुंबई । हाल ही में अपने पति विजय देवरकोंडा के साथ अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने आगामी ड्रामा फिल्म रणबाली में काम करने के अनुभव को साझा किया है। रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर आस्क मी एनीथिंग सत्र आयोजित किया था, जहाँ एक प्रशंसक ने उनसे विजय देवरकोंडा के साथ काम करने के अनुभव के बारे में पूछा। इस पर एनिमल फेम अभिनेत्री ने जवाब दिया कि विजय के साथ काम करना हमेशा मजेदार होता है, लेकिन जब बात काम की आती है तो वह बेहद समर्पित और गंभीर रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ काम करते हुए उन्हें हमेशा बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
एक इंस्टाग्राम यूजर के सवाल, हाय मैम, रणबाली के सेट पर विजय सर के साथ काम करने का आपका अनुभव कैसा रहा? के जवाब में रश्मिका ने कहा, हमेशा बहुत सारा मजा आता है, लेकिन अगर गंभीरता से कहूं तो वह सेट पर अपने काम को लेकर बेहद समर्पित और गंभीर रहते हैं, जैसा कि आप सभी जानते हैं। हमेशा की तरह मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को भी मिलता है। इससे पहले, रणबाली के निर्देशक राहुल सांकृत्यायन ने यह खुलासा किया था कि उन्होंने फिल्म में रश्मिका के किरदार का नाम अपनी मां के नाम पर रखा है, जिससे यह किरदार उनके लिए और भी खास बन गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि रणबाली लिखते समय उन्हें हर छोटे-बड़े विवरण से पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने महिला नायिका के किरदार को अपनी मां का नाम देकर एक बहुत ही निजी स्पर्श दिया। निर्देशक ने यह भी बताया कि उन्होंने किरदार के हर भाव और अनुभव को लिखते समय पूरा ध्यान रखा कि वह एक ऐसी महिला बने, जो आज की महिलाओं को भी प्रेरित कर सके, भले ही वह किसी दूसरे दौर की पात्र हो। इस बीच, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा रणबाली की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। निर्देशक राहुल सांकृत्यायन ने सोशल मीडिया पर अपनी टीम का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा था, 130 दिनों की इस शानदार यात्रा का समापन हो गया। मेरी अथक और ऊर्जावान टीम का धन्यवाद। बता दें कि शादी के बाद यह पहली बार होगा जब दोनों पति-पत्नी एक बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे।

Latest news

Related news