‘डॉन 3’ पर फरहान अख्तर ने खोला राज, रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने की वजह पर कही अहम बात

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक फरहान अख्तर तथा अभिनेता रणवीर सिंह के बीच फिल्म 'डॉन 3' को लेकर छिड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान फरहान अख्तर ने बिना रणवीर का नाम लिए उनके अचानक फिल्म छोड़ने के फैसले पर बड़ा बयान दिया है, जिससे यह मामला फिर से चर्चा में छा गया है।

शूटिंग से ठीक पहले प्रोजेक्ट छोड़ने का लगाया आरोप

अपनी निर्देशन में बनी पहली फिल्म 'दिल चाहता है' के 25 साल पूरे होने के मौके पर 'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' को दिए गए इंटरव्यू में फरहान अख्तर ने 'डॉन 3' से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र किया। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, 'शूटिंग शुरू होने से महज एक महीने पहले फिल्म छोड़ देना… जो आजकल एक नया पैटर्न बन गया है।'

क्या था 'डॉन 3' छोड़ने का पूरा विवाद?

गौरतलब है कि अभिनेता रणवीर सिंह ने फिल्म 'डॉन 3' की शूटिंग शुरू होने से कुछ ही दिन पहले इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया था, जिसके बाद इंडस्ट्री में काफी हंगामा मचा था। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि रणवीर इस बात से खफा थे कि निर्देशक फरहान अख्तर ने उनकी रजामंदी के बिना इस प्रतिष्ठित भूमिका के लिए ऋतिक रोशन से बातचीत की थी। हालांकि, फरहान ने उस वक्त इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया था।

खबरें यह भी आई थीं कि फिल्म छोड़ने के बाद रणवीर ने अपनी साइनिंग अमाउंट वापस करने की पेशकश की थी, जबकि मेकर्स ने प्री-प्रोडक्शन में हुए भारी नुकसान के एवज में करीब 45 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग रखी थी।

FWICE का दखल और कानूनी नोटिस

इस पूरे विवाद के दौरान मामला फिल्म इंडस्ट्री की संस्था 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पप्लॉइज' (FWICE) तक जा पहुंचा था। फरहान अख्तर की शिकायत के बाद संस्था ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन का निर्देश जारी कर दिया था। हालांकि, बाद में इस आदेश को वापस लेते हुए स्पष्ट कर दिया गया था कि अभिनेता पर किसी प्रकार का आधिकारिक बैन नहीं लगाया गया है। इस बीच, रणवीर की तरफ से भी इस पूरी प्रक्रिया पर कानूनी नोटिस भेजे जाने की खबरें सामने आई थीं, जबकि अभिनेता ने खुद इस विवाद पर खुलकर बोलने से बचते हुए अपने प्रवक्ताओं के जरिए ही बात रखी थी।

Latest news

Related news