नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में दल्लूपुरा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात के समय युवक का भाई मोबाइल पर वीडियो बना रहा था, लेकिन उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसका भाई ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगा। यह घटना दल्लूपुरा गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ने लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया, जो उसके चचेरे भाई की बताई जा रही है। वारदात के वक्त मृतक का भाई वीडियो बना रहा था। जब युवक ने खुद को गोली मारी, तो वीडियो बना रहा भाई सकते में आ गया। उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि जो वह देख रहा है, वह हकीकत है। पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन को धर्मशिला अस्पताल, वसुंधरा एन्क्लेव से युवक को गोली लगने के संबंध में जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां पवन कुमार नाम के एक व्यक्ति (उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी ग्राम दल्लूपुरा) को बेहोशी की हालत में लाया गया था। उसकी छाती के बाईं ओर गोली लगने का घाव था। वहां डॉक्टरों ने उसे घोषित कर दिया। जांच के दौरान पता चला कि यह घटना दिल्ली के दल्लूपुरा गांव में हुई थी। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने अस्पताल और घटनास्थलव दोनों जगहों का मुआयना किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया। घटनास्थल पर की गई जांच और शुरुआती पूछताछ से पता चला कि मृतक को गोली का घाव खुद ही लगा था, उसने हिमांशु (मृतक का चचेरा भाई) की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल करके खुद को गोली मारी थी। लाइसेंसी हथियार (पिस्तौल) और 10 कारतूस जब्त कर लिए गए हैं। हिमांशु का मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें घटना का वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। वीडियो फुटेज को पहली नजर में देखने पर पता चलता है कि मृतक ने खुद को गोली मारी, जबकि हिमांशु वहां मौजूद था और इस पूरी घटना को रिकॉर्ड कर रहा था। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

