Disabled woman murder दिल्ली: राजधानी के कालिंदी कुंज इलाके में रविवार तड़के एक दिव्यांग महिला की अपहरण के बाद हत्या का मामला सामने आया है. घटना के समय वह घर की छत पर सो रही थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.वहीं जैतपुर क्षेत्र से 20 दिन पहले लापता एक व्यक्ति की दुर्घटना में मौत के बाद पुलिस ने उसका लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया. इस पर नाराज लोगों ने रविवार रात थाने के बाहर प्रदर्शन किया
Disabled woman murder : पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की
पुलिस के अनुसार उन्हें रविवार को सूचना मिली कि मदनपुर खादर एक्सटेंशन की एक दिव्यांग महिला का अपहरण हो गया है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला को घर की छत पर सो रही थी, जहां से उसे अगवा किया गया था. जांच के दौरान महिला के घर से थोड़ी दूर एक झुग्गी में महिला का शव मिला, जिसकी पहचान अपहृत महिला के रूप में हुई. पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
वहीं एक अन्य मामले में जैतपुर थाना क्षेत्र से 11 मई को घर से काम के सिलसिले में उत्तराखंड जाने के लिए सूरज सिंह अचानक लापता हो गए. उनसे संपर्क नहीं होने पर स्वजन ने जैतपुर थाने में उनकी गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई.
इस दौरान परिवार उन्हें ढूंढता रहा. रविवार को सरिता विहार थाना पुलिस से उन्हें सूचना मिली कि सूरज की 11 मई को ही एक्सीडेंट में मौत हो गई थी और पुलिस ने उनके शव का अंतिम संस्कार कर दिया है. इसको लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया.

