दिल्ली पुलिस के शिकंजे में टिल्लू ताजपुरिया का करीबी, अलीपुर फायरिंग केस में गिरफ्तारी

नई दिल्ली: दिल्ली में संगठित अपराध और अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अलीपुर इलाके में जमीन कब्जाने और दहशत फैलाने के इरादे से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के बेहद करीबी और सक्रिय सदस्य संदीप उर्फ दागू महाराज और उसके सहयोगी दीपक के रूप में हुई है। पुलिस ने इन दोनों के पास से एक आधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और वारदात के समय मौके पर इस्तेमाल की गई बिना नंबर की एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी भी जब्त की है।

दर्जनों हथियारबंद बदमाशों ने बोला था धावा

यह पूरा मामला बीते साल अक्टूबर महीने का है, जब रामजनपुर गांव में स्थित एक विवादित भूखंड पर जबरन कब्जा करने के मकसद से करीब 40 से 45 हथियारबंद अपराधियों ने एक साथ धावा बोल दिया था। पूरे इलाके में अपनी दहशत कायम करने और लोगों को डराने के लिए इन बदमाशों ने सरेआम करीब 12 राउंड हवाई फायरिंग की थी। हमलावरों ने न सिर्फ वहां लगे ताले तोड़े, बल्कि जमीन पर मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला भी कर दिया था। इस पूरी घटना के बाद स्थानीय अलीपुर थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद अब क्राइम ब्रांच की टीम ने इन मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता पाई है। मामले में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Latest news

Related news