नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राजधानी में ट्यूलिप के आकर्षण को बढ़ाने के लिए नेहरू पार्क में बड़े ट्यूलिप गार्डन विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है और स्थल तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। यहां आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। एनडीएमसी के अनुसार, अभी शांति पथ पर ट्यूलिप के फूल देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इससे सड़क पर जाम लगता है और कई लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण आगंतुक वहां अधिक समय नहीं बिता पाते हैं। ऐसे में नेहरू पार्क में नया ट्यूलिप गार्डन विकसित करने की योजना बनाई गई है, ताकि लोग परिवार के साथ आराम से समय बिता सकें और फूलों के बीच तस्वीरें भी खींच सकें।

