वर्दी वाले को भी नहीं बख्शा! ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक पर बदमाशों का हमला, बाइक में तोड़फोड़

रतनपुर: रतनपुर थाना क्षेत्र में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक पर सीपत क्षेत्र के ग्राम भिल्मी में पांच युवकों द्वारा रास्ता रोककर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सबसे पहले आरक्षक के सिर पर हमला किया, जिससे वह चलती बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। इसके पश्चात बदमाशों ने शराब के लिए पैसों की मांग की और इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी, लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी।

आरक्षक की बाइक में भी की तोड़फोड़

उपद्रवियों ने आरक्षक की मोटरसाइकिल पर भी लाठियों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के संबंध में सीपत थाना पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर तफ्तीश प्रारंभ कर दी है। पीड़ित आरक्षक आकाश डोंगरे ग्राम झलमला शिव चौक के निवासी हैं। वह 13 सितंबर की रात्रि रतनपुर थाने में अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से वापस घर की ओर लौट रहे थे।

रात्रि लगभग 10:30 बजे भिल्मी स्थित कोटवार के मकान के समीप मुख्य मार्ग पर पहुँचते ही अमित वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, अनिल कुमार रजक, जोयल वर्मा और नीरज वर्मा ने उनका रास्ता रोक लिया।

सड़क पर गिरते ही फिर से शुरू कर दी मारपीट

आरक्षक के रुकते ही अनिल रजक ने अचानक उनके सिर पर हाथ से हमला कर दिया, जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गए। जब उन्होंने उठकर हमला करने का कारण पूछा, तो पांचों युवक शराब के लिए पैसों की मांग करने लगे। आरक्षक द्वारा पैसे न होने की बात कहने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर लाठी तथा लात-घूंसों से उन पर टूट पड़े।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने आरक्षक की बाइक को भी लाठियों से पीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जब स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत सीपत थाने पहुँचकर मामला दर्ज कराया।

Latest news

Related news