‘किसान संवाद’ में मुख्यमंत्री ने  ‘ड्रोन दीदियों’ और प्रगतिशील किसानों को सराहा,बोले-आधुनिक तकनीक से कम लागत में हो रही उन्नत खेती

Kisan Samvad: छत्तीसगढ़ में कृषि के आधुनिकीकरण और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘किसान संवाद’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने राज्य के प्रगतिशील किसान भाइयों और ‘ड्रोन दीदियों’ से सीधा संवाद स्थापित कर कृषि क्षेत्र में हो रहे वैज्ञानिक बदलावों पर विस्तृत चर्चा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों द्वारा नैनो उर्वरकों, आधुनिक कृषि उपकरणों और वैज्ञानिक नवाचारों को अपनाकर कम लागत में उन्नत खेती करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है.

Kisan Samvad : नैनो यूरिया-नैनो डीएपी जैसी तकनीकों से पारंपरिक खादों पर निर्भरता हुई कम 

संवाद के दौरान प्रगतिशील किसानों ने अपने जमीनी अनुभव साझा करते हुए बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से पारंपरिक खादों पर निर्भरता काफी कम हुई है. इससे न सिर्फ फसलों को सही पोषण मिल रहा है, बल्कि खाद के परिवहन और भंडारण पर होने वाला बड़ा खर्च भी बच रहा है, जिससे खेती की कुल लागत में भारी कमी आई है.

‘ड्रोन दीदियों’ के कार्यों की विशेष सराहना

सीएम साय ने कार्यक्रम में मौजूद ‘ड्रोन दीदियों’ के कार्यों की विशेष सराहना की. ड्रोन दीदियों ने बताया कि आधुनिक कृषि ड्रोन की मदद से अब वे खेतों में बेहद कम समय और कम पानी में कीटनाशकों व तरल उर्वरकों का समान रूप से छिड़काव कर रही हैं. इससे श्रम की बचत के साथ-साथ किसानों का स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहता है. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रदेश के किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऐसी सभी आधुनिक और स्मार्ट कृषि तकनीकों को लगातार बढ़ावा देती रहेगी.

Latest news

Related news