रायपुर। बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य हिस्सों के ऊपर उठे चक्रवाती तूफान ‘अनर्ब’ को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य में भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न अंचलों में मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य के 23 जिलों में यलो अलर्ट जबकि अति संवेदनशील 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवात से उत्पन्न संभावित खतरों को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू रेल परिचालन को बनाए रखने के उद्देश्य से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यात्रियों को जागरूक करने के लिए व्यापक इंतजाम
रेल प्रबंधन की ओर से यात्रियों को हर जरूरी जानकारी और सतर्कता संबंधी सूचनाएं समय रहते उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लगे सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, सूचना व डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन के साथ-साथ आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों का निरंतर उपयोग किया जा रहा है। खराब मौसम के दौरान रेलवे की बुनियादी सुविधाओं, पटरियों और जलस्तर पर किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए हर घंटे हवा की गति और जलभराव की स्थिति की समीक्षा व निगरानी की जा रही है।
सुरक्षित रेल यात्रा के लिए रेलवे प्रशासन की खास अपील
संभावित विकट परिस्थितियों के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व ट्रेनों की वर्तमान स्थिति और समय-सारणी की सही जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। सड़क यातायात में संभावित रुकावटों को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को पर्याप्त समय से पूर्व ही स्टेशन पहुँचने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त स्टेशनों पर अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने, प्लेटफॉर्म व सीढ़ियों पर बारिश के कारण होने वाली फिसलन से सावधान रहने और रेलवे ट्रैक से दूरी बनाए रखते हुए निर्धारित यात्री क्षेत्र में ही रुकने के लिए कहा गया है। यात्रियों से अपने मोबाइल फोन चार्ज रखने, आवश्यक दवाइयां व पानी साथ रखने तथा ट्रेनों के नियम या मार्ग परिवर्तन से जुड़ी किसी भी आधिकारिक जानकारी के लिए केवल रेलवे के प्रामाणिक स्रोतों पर ही भरोसा करने का आग्रह किया गया है।

