Kerala Congress CM Face : केरल विधानसभा चुनाव में 140 में से 102 सीटें जीतकर कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) ने लेफ्ट के किले को ढहा दिया है लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के 9 दिन बीत जाने के बाद भी पार्टी मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं कर पाई है. बैठकों का दौर जारी है, पर हाईकमान किसी एक नाम पर मुहर नहीं लगा पा रहा है.
Kerala Congress CM Face:दिग्गज 3 और कुर्सी 1- कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
केरल में सीएम पद के लिए तीन बड़े चेहरे रेस में हैं:
-
वीडी सतीशन: चुनाव अभियान की कमान संभालने वाले सतीशन को जीत का असली नायक और सबसे लोकप्रिय चेहरा माना जा रहा है.
-
केसी वेणुगोपाल: राहुल गांधी के बेहद करीबी और हाईकमान में मजबूत पैठ रखने वाले वेणुगोपाल भी इस दौड़ में शामिल हैं.
-
रमेश चेन्निथला: पार्टी के सबसे अनुभवी और वरिष्ठ नेता, जो पहले भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं.
खास बात यह है कि तीनों ही नेता नायर समुदाय से आते हैं, जिससे जातीय समीकरण सुलझाना तो आसान है, लेकिन व्यक्तिगत कद और प्रभाव की लड़ाई पेचीदा हो गई है.
क्या केरल में दोहराएगा कर्नाटक का इतिहास?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कहीं केरल का हाल भी कर्नाटक जैसा न हो जाए. 2023 में कर्नाटक जीतने के बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच जो सत्ता संघर्ष शुरू हुआ, वह आज भी जारी है. केरल में भी वीडी सतीशन का आक्रामक अंदाज और केसी वेणुगोपाल की दिल्ली में पकड़, टकराव की स्थिति पैदा कर सकती है.
हाईकमान के सामने बड़ी चुनौती
राहुल गांधी ने तिरुवनंतपुरम में कहा था कि सभी नेताओं को “साथ मिलकर नाचना” सीखना होगा. जानकारों का मानना है कि ‘ढाई-ढाई साल’ वाला फार्मूला प्रशासन को कमजोर करता है. ऐसे में कांग्रेस को किसी एक नेता के पीछे मजबूती से खड़ा होना होगा, ताकि जनता के जनादेश का अपमान न हो और सरकार स्थिरता के साथ चल सके.

