UP BJP In-charge Vinod Tawde नई दिल्ली : बीजेपी ने अपनी राष्ट्रीय टीम में चुने गये सदस्यों को अब उनकी जिम्मदारियां भी बांट दी है. पार्टी ने एक दिन पहले ही आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन में बड़े बदलाव किए हैं, और अब उन्हें बता दिया गया है कि उनकी जिम्मेदारी कितनी बड़ी है.
वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को बीजेपी का प्रभारी नियुक्त किया गया है. उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी बनाया गया है. वहीं तरुण चुग को गुजरात और सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया है.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin ने श्री @TawdeVinod
को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी एवं श्री @IJAGDISHPATEL को सह-प्रभारी, श्री @DrSatishPoonia को पंजाब का प्रदेश प्रभारी और श्री @tarunchughbjp को गुजरात का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। pic.twitter.com/twJWu8VeLo— BJP (@BJP4India) August 18, 2026
बीजेपी के इन संगठनात्मक बदलावों को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. उत्तर प्रदेश और पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि गुजरात में 2027 के आखिर में चुनाव प्रस्तावित हैं.
UP BJP In-charge Vinod Tawde:विनोद तावड़े को यूपी की कमान, पहले से थे सक्रिय
विनोद तावड़े को सोमवार को ही बीजेपी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया था. इसके अगले ही दिन उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से सबसे अहम राज्य की जिम्मेदारी सौंप दी गई. तावड़े पिछले कुछ महीनों से यूपी में लगातार सक्रिय थे.
योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान नामों का पैनल तैयार करने से लेकर संगठन से जुड़े कई अहम मामलों में तावड़े की सक्रिय भूमिका रही थी. वह बीजेपी की संगठनात्मक बैठकों में भी लगातार नजर आते रहे. इसी वजह से लंबे समय से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि उन्हें यूपी का प्रभारी बनाया जा सकता है.
अब बीजेपी ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्हें औपचारिक तौर पर उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंप दी है.
टीम नितिन नवीन में यूपी से 8 नेताओं को जगह
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में कुल 65 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है. इनमें उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं को जगह मिली है. इसके बाद अब राज्यों के प्रभारियों में किए गए बदलाव को भी 2027 के चुनावी रोडमैप का हिस्सा माना जा रहा है.
बीजेपी का फोकस खास तौर पर उन राज्यों पर है, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. यूपी में पार्टी के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है, जबकि पंजाब में संगठन को मजबूत करने और गुजरात में अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने पर जोर रहेगा.
पंजाब में सतीश पूनिया को कमान
बीजेपी ने राजस्थान के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया है. पूनिया को संगठनात्मक अनुभव के साथ चुनावी रणनीति में भी सक्रिय नेता माना जाता है. उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान भी अहम भूमिका निभाई थी.
अब पड़ोसी राज्य पंजाब की जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी को उनसे संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने की उम्मीद है.
सोमवार को घोषित नई टीम में पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाया गया है. ऐसे में पंजाब को लेकर बीजेपी के संगठनात्मक बदलावों को चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है.
गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुग को
राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है. इससे पहले उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी. गुजरात में 2027 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी ने अभी से संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं.
बीजेपी की नई टीम में गुजरात से चार नेताओं को जगह मिली है. वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जबकि रोहन गुप्ता और जगदीश ईश्वरभाई पटेल को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है. हेमांग जोशी को बीजेपी युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
यूपी के जातीय समीकरण में तावड़े की एंट्री
उत्तर प्रदेश बीजेपी में संगठन और सरकार के स्तर पर अलग-अलग सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश भी दिखाई देती है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सामान्य वर्ग से आते हैं. वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और संगठन महामंत्री धर्मपाल सैनी ओबीसी समाज से हैं.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी ओबीसी समाज की कुर्मी जाति से आते हैं. ऐसे में महाराष्ट्र के मराठा समुदाय से आने वाले विनोद तावड़े को यूपी प्रभारी बनाए जाने से संगठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन का एक अलग आयाम जुड़ता है.
2027 चुनाव के लिए बीजेपी ने कसी कमर
बीजेपी की लगातार दो दिनों में सामने आई संगठनात्मक नियुक्तियों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज कर दी है. यूपी, पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति के जरिए बीजेपी चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर जोर दे सकती है.
खास तौर पर यूपी की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को सौंपना महत्वपूर्ण माना जा रहा है. तावड़े पहले से राज्य में सक्रिय रहे हैं और अब उन्हें औपचारिक तौर पर प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद बीजेपी की 2027 की चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाएगी.

