Uttarakhand Sports , देहरादून/ऊधम सिंह नगर : उत्तराखंड को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पूरी करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधमसिंहनगर में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान आज स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया।#WaterSports#UdhamSinghNagar#Uttarakhand pic.twitter.com/9hdC3VWdDu
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) June 13, 2026
Uttarakhand Sports : सीएम धामी ने लिया तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री धामी ने इंटरनेशनल क्याकिंग और कैनोइंग टूर्नामेंट के आयोजन स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवागमन, आवास और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और अन्य प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. सभी सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की हों और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं.
वाटर स्पोर्ट्स का भी लिया अनुभव
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियां साहसिक खेलों के लिए बेहद उपयुक्त हैं. राज्य में जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है.
खेलों में वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है. इसके लिए बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ-साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित करते हैं.
पर्यटन और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से केवल खेल गतिविधियों को ही मजबूती नहीं मिलती, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है.
उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड की पहचान एक प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत होगी. देश-विदेश से आने वाले पर्यटक राज्य की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ खेल गतिविधियों का भी अनुभव कर सकेंगे.
युवाओं को खेलों से जोड़ने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए कई स्तरों पर कार्य कर रही है. खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकता है.
उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उत्तराखंड की कार्य संस्कृति का बनेगा उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि उत्तराखंड की कार्य संस्कृति, आतिथ्य और आयोजन क्षमता का भी प्रदर्शन होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता राज्य को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
इस अवसर पर विधायक अरविंद पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.

