जाने माने फिल्म स्टार सतीश कौशिक (Satish Kaushik) की मौत के मामले में कई जानकारियां सामने आ रही हैं. वैसे तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है और उसमें प्राथमिक तौर पर सतीश कौशिक की मौत की वजह कार्डियाक अरेस्ट (Cardiac Arrest) को माना गया है लेकिन कुछ और जांच की रिपोर्ट आनी बाकी है. सतीश कौशिक के परिवार ने भी अभी तक किसी पर संदेह जाहिर नहीं किया है.
रुपयों को लेकर था विवाद
इस बीच सतीश कौशिक के करीबी दोस्त विकास मालू की दूसरी पत्नी का बयान काफी चर्चा में है. विकास मालू जो कुबेर ग्रुप (Kuber Group) के मालिक भी हैं. उनकी दूसरी पत्नी का नाम है सान्वी मालू. सान्वी मालू का कहना है कि विकास मालू और सतीश कौशिक का बिजनेस रिलेशन भी था और कुछ डील्स और इन्वेस्टमेंट को लेकर दोनों में विवाद था. इसलिए सतीश कौशिक की मौत की जांच अच्छे से होनी चाहिए. इस संबंध में उन्होंने दिल्ली पुलिस को लिखा भी है. सान्वी मालू की बातों को लेकर दिल्ली पुलिस छानबीन कर रही है.
विकास के फार्महाउस में ठहरे थे सतीश कौशिक
8 मार्च को मौत वाले दिन सतीश कौशिक ने अपने दोस्त विकास मालू के फार्म हाउस पर ही होली की पार्टी अटेंड की थी और रात में बिजवासन वाले उसी फार्म हाउस में रुके थे. रात 9 बजे के करीब सतीश कौशिक ने अपने मैनेजर संतोष राय से सीने में दर्द की शिकायत की थी. उन्हें उसी वक्त गुड़गांव के फोर्टिस अस्पताल(Fortis Hospital) ले जाया गया लेकिन अस्पताल जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट (Postmortem Report)में भी उनकी मौत की वजह कार्डियाक अरेस्ट को बताया गया है.
पैसे नहीं लौटाना चाहता था विकास मालू
लेकिन इस मामले पर विकास मालू की दूसरी पत्नी ने कुछ और खुलासा किया है. सान्वी मालू का कहना है कि उनके पति विकास मालू और सतीश कौशिक के बीच 22 अगस्त 2022 को कुछ पैसों को लेकर विवाद हुआ था. सान्वी मालू कहना है कि ये विवाद दुबई वाले घर में हुआ था. सतीश कौशिक ने लगभग 15 करोड़ रुपए विकास मालू को इन्वेस्टमेंट(Investment) के लिए दिए थे और वो अपने पैसे वापस मांग रहे थे लेकिन विकास मालू पैसे वापस लौटाना नहीं चाहता था. सान्वी मालू का कहना है कि 15 करोड़ को लेकर विवाद 23 और 24 अगस्त को भी हुआ था. दोबारा बहस होने पर विकास मालू ने सतीश कौशिक से कहा कि वो भारत जाकर उनके पैसे लौटा देंगे और वैसे भी ये कैश में लेन देन हुआ है जिसका कोई हिसाब नहीं होता है. ये सुनकर सतीश कौशिक को बुरा लगा था.
रशियन लड़की और ब्लू पिल से काम तमाम करा दूंगा
सान्वी मालू का कहना है कि जब उसने अपने पति विकास मालू से पूछा कि सतीश जी कौन से पैसे मांग रहे हैं तो विकास मालू ने बताया कि सतीश जी ने 15 करोड़ रुपए इन्वेस्ट करने दिए थे जो कोरोना में डूब गए. विकास ने ये भी कहा कि अब वो पैसे नहीं लौटाएगा. सान्या मालू ने कहा कि उसके पति विकास मालू ने आगे कहा कि ज्यादा होगा तो मैं इसे रशियन लड़की बुलाकर दूंगा और ब्लू पिल(Blue Pill) से काम तमाम करा दूंगा.
अनिल कपूर के साथ स्क्रिप्ट बैंक बनाया था
सान्वी मालू का कहना है कि जब उसने अखबार में पढ़ा कि घटनास्थल से कुछ दवाइयां मिली हैं तो उसने ये विवाद और तमाम बातें दिल्ली पुलिस के सामने रख दी है ताकि पुलिस को जांच में आसानी हो सके. सान्वी मालू ने ये भी बताया कि उनके पति विकास मालू, फिल्म स्टार अनिल कपूर और कुछ अन्य एक्टर के साथ मिलकर कोई स्क्रिप्ट बैंक बनाया हुआ था और शायद इसी प्रोजेक्ट में सतीश कौशिक के पैसे इन्वेस्ट हुए थे.
विवाद वाले दिन की तस्वीर है
अपनी बातों को साबित करने के लिए सान्वी मालू ने कहा कि दुबई में जिस दिन 15 करोड़ रुपयों को लेकर विकास मालू और सतीश कौशिक के बीच विवाद हुआ था उस दिन की एक तस्वीर उसके पास सुरक्षित है जिसमें उसके अलावा सतीश कौशिक, विकास मालू, विनीत मालू, हर्षिता मालू और अनस शामिल हैं.
दाउद इब्राहिम का बेटा अनस आता था दुबई वाले घर पर
सान्वी मालू ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया. उनका कहना है कि तस्वीर में शामिल अनस भारत का भगोड़ा आतंकवादी दाउद इब्राहिम का बेटा है. सान्वी मालू ने कहा कि अनस दाउद इब्राहिम का बेटा है ये बात उनके पति विकास मालू ने ही बताया था. अनस उनके दुबई वाले घर पर रेगुलर आता जाता था. इसके अलावा विकास मालू के दुबई वाले घर पर एक मुस्तफा नाम का व्यक्ति भी आता जाता था जिसके बारे में कहा जाता है कि वो दाउद इब्राहिम का दाहिना हाथ है. सान्वी मालू का कहना है कि उनके पति विकास मालू का दाउद इब्राहिम के साथ बिजनेस संबंध थे जिसकी वजह से दाउद का बेटा और उसका राइट हैंड विकास के दुबई वाले घर पर आया जाया करते थे.
सान्वी और विकास का झगड़ा चल रहा है
वैसे सान्वी मालू का अपने पति विकास मालू से झगड़ा चल रहा है. सान्वी ने अपने पति विकास और उसके बेटे पर रेप का केस किया हुआ है. मामला फिलहाल अदालत में है. ऐसे में सान्वी कितना सच बोल रही है इस पर सोचना होगा. हो सकता है कि वो विकास मालू को बदनाम करने के लिए ऐसे आरोप लगा रही हो लेकिन अगर उसने लिखित शिकायत दिल्ली पुलिस से की है तो पुलिस को उसके आरोपों पर ध्यान देना चाहिए.

