Uddhav Thackeray meeting मुंबई : महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर बड़े उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं, जिसने शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (Shivsena UBT) गुट की धड़कनें बढ़ा दी हैं. पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज यानी रविवार को मुंबई स्थित अपने आवास ‘मातोश्री’ पर पार्टी के सभी सांसदों की एक बेहद महत्वपूर्ण और आपातकालीन बैठक बुलाई थी, लेकिन इस संवेदनशील बैठक के शुरू होने से ठीक पहले तीन सांसदों के न पहुंचने से सस्पेंस गहरा गया है.
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: Former CM and Shiv Sena UBT chief Uddhav Thackeray calls a meeting of Shiv Sena UBT MPs at Matoshree.
Shiv Sena UBT MP Anil Desai arrived at Matoshree. pic.twitter.com/SvDwF8dt40
— ANI (@ANI) June 14, 2026
Uddhav Thackeray meeting:भाऊसाहेब वाकचौरे का फोन बंद, दो और सांसद गायब
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, उद्धव ठाकरे ने दिल्ली में मौजूद अपने सभी सांसदों को तुरंत मुंबई पहुंचने के निर्देश दिया था. आज की बैठक दोपहर साढ़े बारह बजे आगामी राजनीतिक परिस्थितियों और संसद के आगामी सत्र को लेकर रणनीति बनाने के लिए बुलाई गई थी.
लेकिन बैठक से कुछ घंटे पहले ही शिरडी लोकसभा सीट से सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे पहुंच से बाहर हो गए. उनका मोबाइल फोन सुबह से ही लगातार बंद आ रहा है. सूत्रों के मुताबिक, वाकचौरे पिछले दो दिनों से अपने परिवार के साथ कहीं बाहर गए हुए हैं और सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि उनके निजी सहायक (PA) का भी कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है.
इसके अलावा, सांसद संजय जाधव और नागेश पाटिल अष्टिकर भी इस बैठक में शामिल होने नहीं पहुंचे. हालांकि, सूत्रों का कहना है कि इन दोनों ने पार्टी को सूचित किया है कि वे कुछ जरूरी वजहों से आज की बैठक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं.
क्या काम कर गया मुख्यमंत्री शिंदे का ‘ऑपरेशन टाइगर’?
महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में इस वक्त मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर जोरदार चर्चाएं चल रही हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसी ऑपरेशन के डर से उद्धव ठाकरे ने यह आनन-फानन में बैठक बुलाई है.
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: Shiv Sena (UBT) MP Sanjay Raut says, “… The day power comes into our hands, the BJP won’t survive—it will be shattered into pieces… they won’t even step out of their homes.” pic.twitter.com/nQdHq7XgkZ
— ANI (@ANI) June 14, 2026
हालिया लोकसभा चुनाव में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट (शिवसेना यूबीटी) के कुल 9 सांसद जीतकर आए हैं। पिछले कुछ दिनों से शिंदे गुट के नेताओं द्वारा लगातार यह दावा किया जा रहा है कि उद्धव गुट के 9 में से कम से कम 7 सांसद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। इन सांसदों के पाला बदलकर शिंदे गुट में शामिल होने की अटकलों ने बाजार गर्म कर दिया है। यही कारण है कि उद्धव ठाकरे अपने कुनबे को एकजुट रखने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।
उद्धव ठाकरे की अग्निपरीक्षा
लोकसभा में उद्धव की शिवसेना के पास 9 सांसद हैं और राज्यसभा में इकलौते संजय राउत बचे हैं। उद्धव ठाकरे ने जिन लोकसभा सांसदों को इस बैठक में उपस्थित रहने का कड़ा आदेश दिया था, उनमें शामिल हैं:
अरविंद सावंत
अनिल देसाई
संजय दीना पाटील
ओमराजे निंबालकर
संजय देशमुख
राजाभाऊ वाजे
नागेश पाटील अष्टिकर (गैरहाजिर)
संजय जाधव (गैरहाजिर)
भाऊसाहेब वाकचौरे (नॉट रीचेबल)
यदि गायब सांसद इस बैठक में नहीं पहुंचते हैं, तो शिवसेना (यूबीटी) के लिए यह एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। फिलहाल, ‘मातोश्री’ पर राजनीतिक हलचल चरम पर है और सभी की नजरें पल-पल बदल रहे घटनाक्रम पर टिकी हैं कि क्या लोकसभा में एनडीए का नंबर बढ़ने वाला है?

