Samrat Choudhary Floor Test पटना : बिहार विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव के दौरान सियासत के कई रंग देखने को मिले. सत्ता पक्ष जहां अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिखा, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने चिरपरिचित अंदाज में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर तीखे वाकबाण चलाए. तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई तो दी, लेकिन साथ ही उनकी ‘पगड़ी’ को लेकर ऐसा तंज कसा कि सदन में चर्चाएं तेज हो गईं.
#WATCH | Patna, Bihar | Leader of Opposition in Bihar Assembly and RJD leader Tejashwi Yadav says, “A government needs stability for development work. But Bihar is a unique state, where this is the fifth government formed in five years… We would like to thank Samrat Choudhary… pic.twitter.com/92y6AjqN4S
— ANI (@ANI) April 24, 2026
Samrat Choudhary Floor Test:सम्राट चौधरी की पगड़ी और विजय सिन्हा पर तंज
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को संबोधित करते हुए कहा कि आप हमारे पिता लालू प्रसाद यादव की पाठशाला से निकले हैं, इसलिए आपकी सफलता पर हमें खुशी है. हालांकि, उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि आपने जो संकल्प वाली पगड़ी बांधी है, उसे अब संभालकर रखिएगा क्योंकि बगल में बैठे विजय सिन्हा की नजर उस पर है. तेजस्वी ने कटाक्ष किया कि भले ही सम्राट चौधरी भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हों, लेकिन भाजपा और आरएसएस के भीतर कई लोग इस बदलाव को पचा नहीं पा रहे हैं.
नीतीश कुमार की विदाई और बार-बार बदलती सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जदयू के लोग जो कभी ‘2025 से 2030 तक नीतीश’ के नारे लगाते थे, उन्होंने इस बार नीतीश जी को पूरी तरह ‘फिनिश’ कर दिया है. उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि बिहार में पांच साल के भीतर पांचवीं बार सरकार गठित हुई है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी नौबत बार-बार क्यों आती है और इलेक्लेक्टेड (लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए) मुख्यमंत्री को हटाकर एक ‘सेलेक्टेड’ मुख्यमंत्री को लाने की क्या मजबूरी थी.
परिवारवाद और योग्यता पर उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने सदन में परिवारवाद के मुद्दे पर भी एनडीए को घेरा. उन्होंने सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि अब कम से कम हम पर परिवारवाद का आरोप नहीं लगेगा, क्योंकि यहां सभी उसी रास्ते पर चल रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री की उम्र और उनकी डिग्री को लेकर चल रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की जनता उनकी असलियत जानना चाहती है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कैबिनेट के टॉप-3 नेता या तो राजद से गए हैं या कांग्रेस से, ऐसे में सरकार का मूल स्वरूप क्या है, यह विचारणीय है.
बिहार की बदहाली और विपक्ष का सहयोग
राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार आज भी देश का सबसे गरीब राज्य है और इस पर 4 लाख करोड़ का कर्ज है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास पेंशन देने तक के पैसे नहीं हैं और खजाना खाली पड़ा है. हालांकि, उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि बिहार को टॉप-5 राज्यों में लाने के लिए विपक्ष हर संभव सहयोग करेगा. उन्होंने महिला आरक्षण में ओबीसी महिलाओं के लिए अलग से कोटा निर्धारित करने की मांग भी सदन के सामने प्रमुखता से रखी.

