Samrat Choudhary Oath Ceremony : बिहार की राजनीति में मंगलवार को एक बड़े युग का अंत हो गया और एक नए अध्याय की शुरुआत हुई. भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और निवर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं. यह बिहार के राजनीतिक इतिहास में पहली बार हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री के रूप में राज्य का नेतृत्व करेगा. इस फैसले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और एनडीए समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.
Samrat Choudhary Oath Ceremony:नीतीश कुमार ने दो दशक बाद छोड़ी कुर्सी
बिहार में लंबे समय तक सत्ता के केंद्र रहे नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया. दो दशक से अधिक समय तक राज्य की सेवा करने के बाद, उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को अपना त्यागपत्र सौंपा. इससे पहले नीतीश कुमार ने कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई थी, जिसमें कैबिनेट भंग करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया. बता दें कि नीतीश कुमार अब राज्यसभा के जरिए केंद्र की राजनीति में अपनी नई भूमिका निभाएंगे.
सम्राट चौधरी ने पेश किया सरकार बनाने का दावा
नीतीश कुमार के इस्तीफे के तुरंत बाद पटना में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक हुई, जिसमें सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया. इसके बाद एनडीए की संयुक्त बैठक में भी उनके नाम पर मुहर लगा दी गई. मंगलवार शाम को सम्राट चौधरी ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और नई सरकार के गठन का दावा पेश किया. राज्यपाल ने उनके दावे को स्वीकार करते हुए उन्हें सरकार बनाने का न्यौता दिया है.
कल सुबह 11 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
बिहार की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार सुबह 11:00 बजे आयोजित किया जाएगा. सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे. उनके साथ बिहार कैबिनेट के अन्य नए सदस्य भी शपथ लेंगे. इस समारोह को लेकर पटना के प्रशासनिक गलियारों में तैयारियां तेज हो गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
ये भी पढ़े :-
नीतीश कुमार का भावुक संबोधन और पीएम मोदी का आभार
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक के दौरान निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी भावुक नजर आए. उन्होंने अपने संबोधन में सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि नई सरकार को हमेशा उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा. नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि अब राज्य के विकास की जिम्मेदारी नई टीम के कंधों पर है.

