Rabri Devi : बिहार की राजनीति में एक बार फिर सरकारी आवास को लेकर घमासान छिड़ गया है. सूबे की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित उनके आधिकारिक सरकारी आवास ’10 सर्कुलर रोड’ को खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है. वहीं आदेश को देखते हुए राबड़ी देवी के तेवर तल्ख हो गये हैं. उन्होंने आवास छोड़ने की बात पर कहा कि – चाहे जितनी फोर्स बुला लें, बंगला खाली नहीं करुंगी.
Rabri Devi ने सरकार को दी खुली चुनौती
यह पूरा विवाद तब और गरमा गया जब राबड़ी देवी अपने पोते इराज का जन्मदिन मनाकर दिल्ली से पटना लौटीं. पटना एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों ने जब उनसे सरकारी आवास खाली करने के नोटिस को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बिहार सरकार को खुली चुनौती दे डाली. राबड़ी देवी ने सीधे तौर पर सीएम सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए कहा:
“सम्राट चौधरी जितनी भी फोर्स बुलाकर मकान खाली करवाना चाहें करवा लें, मैं किसी भी कीमत पर मकान खाली नहीं करूंगी।”
बीजेपी का पलटवार: ‘यह जंगलराज नहीं, कानून का राज है’
राबड़ी देवी के इस बागी बयान के बाद सूबे की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने उन पर तीखा हमला बोला है. बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि राबड़ी देवी को यह समझ लेना चाहिए कि अब बिहार में जंगलराज नहीं है. यहाँ हर हाल में कानून का पालन करना होगा.
नीरज कुमार ने लालू परिवार पर तंज कसते हुए कहा:
“इलाज कराने के लिए सिंगापुर जाते हैं, पोते का जन्मदिन मनाने दिल्ली जाते हैं, और जब लूटने की बारी आती है तो बिहार चले आते हैं। आखिर 10 सर्कुलर रोड में लालू परिवार ने कौन सा खजाना छुपाकर रखा है? अगर कोई खजाना छिपा भी होगा, तो बिहार पुलिस उसे खोजकर निकाल लेगी।”
नियमों से चलेगा बिहार: डिप्टी सीएम विजय चौधरी
इस पूरे मामले पर बिहार के डिप्टी सीएम और जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बेहद नपे-तुले शब्दों में कहा कि इस मामले में जो भी सरकारी नियम हैं, उनका पालन हर हाल में करना होगा. कानून के मुताबिक ही सारे काम होते हैं और सभी नागरिकों को, चाहे वे किसी भी पद पर रहे हों, नियमों का सम्मान करना चाहिए.
‘एक दरोगा ही खाली करा देगा आवास’
वहीं, बीजेपी के राज्यसभा सांसद भीम सिंह ने राबड़ी देवी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना और टकराव पैदा करने वाला बताया. उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी खुद बिहार की मुख्यमंत्री जैसे गरिमामय पद पर रही हैं, उन्हें ऐसा बयान शोभा नहीं देता. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इसके लिए पूरी बिहार पुलिस की जरूरत नहीं है, बल्कि एक दरोगा ही जाकर आवास खाली करा देगा.
ये भी पढ़े:- राजनीति के बाद अब ‘भोजपुरी बवाल’ मचाएंगे तेज प्रताप यादव! पवन सिंह और निरहुआ के साथ रियलिटी शो में धमाकेदार एंट्री
इस बयानबाजी के बाद राज्य में सियासी माहौल गर्माया हुआ है. सरकार किसी भी तरह से अपने आदेश का पालन करवाने के लिए आमादा है,वहीं राबड़ी देवी के रुख ने टकराहट की स्थिति पैदा कर दी है.

