Sunday, February 15, 2026

क्या राबड़ी देवी के आवास में बना है गुप्त तहखाना ? जेडीयू ने की जांच की मांग

Rabri Devi House : बिहार की राजनीति में इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का आवास (10 सर्कुलर रोड) चर्चा का विषय बना हुआ है. पिछले 25 साल से जिस घर में (10 सर्कुलर रोड) लालू यादव और उनका परिवार रह रहा था, उस आवास को अब सरकार ने खाली कराने का आदेश दिया है और लालू परिवार उस आवास को खाली करके दूसरे आवास मे शिफ्ट हो रहा है. इस बीच जेडीयू ने एक बयान देकर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है.

Rabri Devi House को लेकर जेडीयू राज में मची रार

जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाया है कि राबड़ी देवी के आवास यानी 10 सर्कुलर रोड में एक गुप्त तहखाना हो सकता है. नीरज कुमार का कहना है कि लालू परिवार के इस तहखाने में जमीन के कागजात से लेकर  भारी मात्रा में कैश और ज्वेलरी छिपाकर रखे हो सकते हैं. नीरज कुमार ने अपनी ने मांग की है कि सरकार को  10 सर्कुलर रोड यानी राबड़ी आवास से बाहर जाने वाले हर समान की जांच करनी चाहिये, ताकि ये पता लगाया जा सके कि जो-जो सामान बाहर जा रहा है वो निजी है या सरकारी.

जदयू को राजद ने किया चेलैंज ‘साबित करें या राजनीति छोड़ें’

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार के इस बयान के बाद राजद खेमें में बवाल मचा हुआ है. आरोपों पर राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि अगर ऐसा है तो जनता दल यूनाइडेट के लोग एक तारीख तय कर लें और पूरे आवास की सघन जांच करा ले. अगर कोई तहखाना नहीं मिलता है, तो नीरज कुमार को राजनीति से संन्यास लेना होगा. शक्ति सिंह ने कहा कि उन्हें राबड़ी आवास के खजाने की जगह राज्य सरकार के खजाने की चिंता करनी चाहिए.

राजद ने लगाया जासूसी करवाने का आरोप

तहखाना बवाल से पहले राजद ने जेडीयू पर लालू परिवार की जासूसी करवाने का भी आरोप लगाया था. राष्ट्रीय जनता दल के नेता मृत्युंजय तिवारी ने पूछा कि जब राबड़ी आवास खाली कराने की प्रक्रिया गोपनीय थी, तब भी 10 सर्कुलर रोड यानी राबड़ी देवी का बंगले में क्या हो रहा है, इसके पल-पल की जानकारी उन्हें कैसे मिल रही है? राजद का दावा है कि मौजूदा सरकार सरकार बदले की भावना से काम कर रही है.

 राबड़ी देवी एक सरकारी आवास छोड़ कर दूसरे में क्यों कर रही है शिफ्ट ?

राजधानी पटना में लालू परिवार पिछले लगभग 25 सालों से सर्कुलर रोड पर बने 10 नंबर के बंगले में रह रहा है. ये आवास राबड़ी देवी के नाम पर आवंटित है. ये आवास उन्हे बतौर पूर्व मुख्यमंत्री सरकार ने एलॉट किया था. फिर राबड़ी देवी लगातार विधान परिषद में नेता विपक्ष रही तो नीतीश कुमार की पिछली सरकारों ने उन्हें मकान खाली करने नहीं कहा और लालू -राबडी देवी का परिवार लगातार इसी घर में रहता रहा लेकिन जब 2025 में बिहार में बीजेपी- जेडीयू की सरकार बनी तब राबड़ी देवी को उनका  वर्तमान सरकारी आवास छोड़ कर दूसरे सरकारी आवास में जाने के लिए कहा गया. राबड़ी देवी को नीतीश कुमार की सरकार में पटना में ही हार्डिंग रोड पर 39 नंबर का सरकारी आवास आवंटित किया है.  नोटिस मिलने के करीब एक महीने बाद लालू यादव और राबड़ी देवी का परिवार 10 सर्कुलर रोड छोड़कर अब नये आवास में शिफ्ट हो रहा है. राजद ने इस आवास परिवर्तन को नीतीश सरकार की ‘बदले की कार्रवाई’ करार दिया है.

Latest news

Related news