Monday, February 16, 2026

कुढ़नी हार के बाद बिहार में सियासी बवाल, RJD  के अनिल सहनी ने हार के लिये नीतीश कुमार को ठहराया जिम्मेवार

अभिषेक झा,ब्यूरो चीफ

 

पटना :  कुढ़नी सीट हारने के बाद बिहार में राजनीति गर्म हो गई है.इस हार के बाद बीजेपी ने नीतीश कुमार का इस्तीफा मांगा था उसके बाद नीतीश कुमार की सहयोगी पार्टी आरजेडी के पूर्व विधायक ने भी मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांग लिया है.

मुजफ्फरपुर के कुढ़नी के पूर्व आरजेडी विधायक अनिल सहनी का बड़ा बयान सामने आया है.अनिल सहनी ने कुढ़नी हार का ठीकरा नीतीश कुमार पर फोड़ा है. नीतीश कुमार पर हमला करते हुए आरजेडी के पूर्व विधायक अनिल सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए.

अनिल सहनी ने कहा कि कुढ़नी सीट अतिपिछड़ों का सीट हमेशा से रहा है, जो आरजेडी का है लेकिन नीतीश कुमार ने इस सीट के सिंडिकेट से छीन कर अपने पाले यानी जेडीयू में लेकर कुढ़नी से कैंडिडेट दे दिया जिसका खामियाजा महागठबंधन को भुगतना पड़ा है.

कुढ़नी उपचुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार की  हार पर आरजेडी के पूर्व विधायक अनिल सहनी ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि कुढ़नी की हार महागठबंधन की नहीं नीतीश कुमार की हार है क्योंकि नीतीश कुमार ने जबर्दस्ती अतिपिछड़ा की हकमारी की और अपने सिंडीकेट के लोगों को टिकट दिया. अगर नैतिकता है तो नीतीश कुमार इस्तीफा दें और तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाएं.

आरजेडी के पूर्व विधायक अनिल सहनी को विधायक के पद से हटाए जाने के बाद ही कुढ़नी में उपचुनाव हुए थे.

Latest news

Related news