पीएम पर टिप्पणी करने वाली पत्रकार मधु किश्वर के दफ्तर पहुंची पुलिस,व्लॉगर की पत्नी ने दर्ज कराया केस

Madhu Kishwer : प्रधानमंत्री मोदी के बारे में लगातार सनसनीखेज टिप्पणी कर चर्चा में आई  वरिष्ठ लेखिका और पत्रकार मधु किश्वर कानूनी विवादों में घिरती नजर आ रही हैं. सोमवार की देर रात दिल्ली के सरिता विहार स्थित उनके कार्यालय में चंडीगढ़ पुलिस की एक टीम पहुंची. पुलिस के मुताबिक चंडीगढ़ में रहने वाले एक  ट्रैवल व्लॉगर के वीडियो को भ्रामक और अश्लील बनाकर साझा करने के मामले में उनपर FIR दर्ज कराई गई है और पुलिस उसी मामले की जांच के लिए दिल्ली आई है.

Madhu Kishwer पर किसने और क्यों कराया FIR?

ये मामला चंडीगढ़ के एक ट्रैवल व्लॉगर के पुराने वीडियो से शुरू हुआ है. व्लॉगर की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पति के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर गलत मंशा के साथ वायरल किया जा रहा है. शिकायत के अनुसार, मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई और उसमें अश्लील शब्द और आपत्तिजनक टेक्स्ट जोड़ दिए गए, जिसे मधु किश्वर सहित कई सोशल मीडिया हैंडल्स ने शेयर किया है.

संवैधानिक पद की छवि खराब करने और शांति भंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, इस एडिटेड वीडियो के जरिए ना केवल शिकायतकर्ता के परिवार की गरिमा को ठेस पहुंची, बल्कि इसके माध्यम से संवैधानिक पद पर बैठे पदाधिकारी की छवि खराब करने और सार्वजनिक शांति भंग करने की साजिश का भी आरोप है. पुलिस इसी सिलसिले में पूछताछ और नोटिस देने के लिए किश्वर के आवास/दफ्तर पहुंची थी.

किश्वर ने देर रात हो रही कार्रवाई पर उठाए सवाल

पुलिस के उनके घर आने का खबर खुद मधु किश्वर ने सोशल मीडिया पर साझा की. पुलिस के इस तरह देर रात उनके दफ्तर पर आने को आपत्तिजनक बताते हुए किश्वर ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि चंडीगढ़ पुलिस की टीम सूर्यास्त के बाद उनके दफ्तर पहुंची, जो नियमों के तहत गलत है.फिलहाल पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस दिया है.

 मधु किश्वर पर लगी धाराएं 

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 थाने ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT एक्ट की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है :-

  • BNS धाराएं: 196 (धार्मिक/जातीय समूहों में द्वेष), 318 (धोखाधड़ी), 353 (मानहानि) और शांति भंग से जुड़ी अन्य धाराएं लगाई गई हैं.

  • IT एक्ट: धारा 66 और 67 (अश्लील सामग्री का प्रसार)।

फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस ने मधु किश्वर को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया है. सोशल मीडिया पर पुलिस की मौजूदगी का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि वीडियो को एडिट करने और उसे प्रसारित करने में किन-किन लोगों की भूमिका रही है.

Latest news

Related news