महाराष्ट्र के परभणी में मंदिर का मंडप गिरा,5 श्रद्धालुओं की मौत,कई लोग मलबे में फंसे

Parbhani Temple Accident : महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया.  मानवत तहसील स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर में सभा मंडप की छत अचानक गिर जाने से कम से कम 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, और  कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. शनिवार होने की वजह से हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. मृतकों की आंकड़ा बढ़ने की आशंका बनी हुई है.

Parbhani Temple Accident :धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शनिवार होने के कारण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. इसी दौरान मंदिर के सामने बना सभा मंडप अचानक भरभराकर गिर पड़ा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय मंडप के नीचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु बैठे हुए थे.

30 से 40 लोगों के फंसे होने की आशंका

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मंडप गिरने के बाद मलबे में करीब 30 से 40 लोगों के फंसने की आशंका जताई गई. स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया, जिसके बाद प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं.

राहत-बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों और आर.पी. अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक, राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. प्रशासन ने पूरे इलाके को घेरकर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है.

निर्माणाधीन था सभा मंडप

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो के अनुसार, मंदिर का सभा मंडप निर्माणाधीन बताया जा रहा है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि निर्माण संबंधी कमजोरी या अत्यधिक भार हादसे का कारण हो सकता है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

मुख्यमंत्री और प्रशासन की नजर

राज्य प्रशासन ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा है. स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि राहत कार्य पूरा होने के बाद विस्तृत जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

लगातार बढ़ रही चिंता

शनिवार को हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. ऐसे में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है. फिलहाल सभी की निगाहें राहत-बचाव अभियान पर टिकी हैं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

Latest news

Related news