Wednesday, February 18, 2026

लखनऊ का नितिन अलबानिया में गिरफ्तार, ड्रग पैडलिंग का है आरोप, भारतीय दूतावास को नहीं है गिरफ्तारी की खबर

लखनऊ :  रेडीमेड गारमेंट्स के कारोबार के लिए लखनऊ से अलबानिया गए नितिन मिश्रा को ड्रग्स पैडलिंग के आरोप में ड्रग इनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन(डीईए) ने गिरफ्तार कर लिया है. डीईए के मुताबिक नितिन के खिलाफ अमेरिका ने दो बार गिफ्तारी वारंट जारी किया था, उसी के तहत गिरफ्तारी की गई है.

लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी नितिन के परिवार का कहना है कि  नितिन के आईडी का दुरुपयोग कर यूरोपीय देश अल्बानिया में फंसाया गया है. ड्रग इनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन(डीईए) ने ​नितिन को हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया लेकिन गिरफ्तारी की जानकारी ना तो एंबेसी को दी गई और न ही अन्य संबंधित विभाग को. वहीं परिवार का कहना है कि सरकार की तरफ से मदद मिलेगी तभी एकलौता बेटा वापस आ पाएगा.

नितिन की बहन नैना ने बताया कि  प्रधानमंत्री के  मेक इन इंडिया के तहत नितिन कपड़ों का कारोबार करना चाहता था. इसके लिए विदेशों में लिंक की तलाश रहा था. उसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से एक व्यक्ति से बातचीत हुई थी. उसी ने अल​बानिया आने के लिए कहा था. नैना ने बताया कि नितिन इससे पहले अमेरिका कभी गया ही नहीं है, तो कैसे उसको गिरफ्तार किया जा सकता है.

नैना ने बताया कि लखनऊ में वकील विवेक राय की मदद से यूके के वकील हरजोत सिंह ने मेरे भाई का केस अपने हाथ में लिया है. वकील साहब से बात हुई तो उन्होंने बताया कि हो सकता है कि नितिन की आईडी का मिस यूज किया गया हो और उन्होंने कहा कि एंबेसी को इसकी जानकारी ही नहीं है कि किसी भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. भारतीय नागरिक की गिरफ्तारी के लिए दूतावास को जानकारी दी जाती है. काउंसलर एक्सेस मिलता है ताकि वह कानूनी सहायता ले सके. यह सब न करने पर एंबेसी व गृह मंत्री को नोटिस भेजा गया है और  वो यूरोपियन कोर्ट ऑफ ह्यूमन राइट्स में अलबानिया सरकार के खिलाफ अपील करेंगे ताकि सरकार को उसकी गलती का अहसास हो सके. उन्होंने बताया कि अपील करने के बाद भारत आकर पीएम व विदेश मंत्री से मुलाकात की जाएगी. परिवार वालों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करके उनसे अपने बच्चे की घर वापसी की गुहार लगाएंगे.

 

Latest news

Related news