चेहरा जख्मी और पैर गंवाने की खबर,फिर भी मोजतबा के हाथ में ‘कमांड’ जानें ईरान के सुप्रीम लीडर की हेल्थ अपडेट

Mojtaba Khamenei तेहरान : ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की शारीरिक स्थिति को लेकर लंबे समय से बना सस्पेंस अब धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है. पिछले कुछ दिनों से उनके बेहोश होने की अफवाहें बाजार में गर्म थीं लेकिन अब उनकी सेहत को लेकर एक बड़ा और आधिकारिक अपडेट सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, मोजतबा अभी भी हमले में आई गंभीर चोटों से जूझ रहे हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं.

Mojtaba Khamenei:झुलसे चेहरे के जख्म से उबर रहे हैं नये सुप्रीम लीडर   

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान स्थित सुप्रीम लीडर के परिसर पर हुए भीषण हमले में मोजतबा खामेनेई का चेहरा गंभीर रूप से झुलस गया था. इतना ही नहीं, उनके पैरों में भी गहरी चोटें आई थीं. अमेरिकी खुफिया सूत्रों ने तो यहां तक दावा किया है कि इस हमले में मोजतबा को अपना एक पैर भी गंवाना पड़ा है. हालांकि, शारीरिक रूप से इतनी चुनौतियों के बावजूद मोजतबा मानसिक तौर पर पूरी तरह सक्रिय बताए जा रहे हैं.

 मोजतबा अस्पताल से ही संभाल रहे हैं कमान  

ईरान की सत्ता के गलियारों से खबर है कि मोजतबा खामेनेई अस्पताल के बिस्तर से ही देश की कमान संभाल रहे हैं. वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महत्वपूर्ण बैठकें कर रहे हैं. युद्ध की रणनीति से लेकर अमेरिका के साथ होने वाली संभावित शांति वार्ता जैसे बड़े नीतिगत फैसलों में उनकी सीधी भागीदारी बनी हुई है.

पिता के निधन के बाद संभाली ईरान की कमान 

यह ध्यान देने वाली बात है कि मोजतबा उसी अमेरिकी-इजरायली हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इस त्रासदी में मोजतबा ने न केवल अपने पिता को खोया, बल्कि उनकी पत्नी, बहन और भांजी की भी जान चली गई थी. पिता के निधन के बाद 8 मार्च को उन्हें ईरान का नया सर्वोच्च नेता घोषित किया गया था, लेकिन तब से अब तक वे एक बार भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं.

खामनेई की हेल्थ अपडेट से मिला अटकलों पर विराम  

मोजतबा खामेनेई की कोई भी ताजा तस्वीर या वीडियो जारी न होने के कारण कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. अभी तक उनके केवल वही पत्र सामने आए हैं जिन्हें टीवी चैनलों पर सुनाया गया है. सूत्रों का कहना है कि उनकी सुरक्षा और सेहत को देखते हुए फिलहाल उन्हें दुनिया की नजरों से दूर रखा गया है. उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक या दो महीनों में उनकी पहली तस्वीरें जारी की जा सकती हैं. वे सार्वजनिक रूप से तभी दिखाई देंगे जब वे पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे और सुरक्षा का खतरा टल जाएगा.

हालांकि, मोजतबा के लिए सत्ता की राह इतनी आसान नहीं दिख रही है. मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञ एलेक्स वतनका का मानना है कि मोजतबा के पास अभी अपने पिता जैसा पूर्ण और निर्विवाद अधिकार नहीं है. वर्तमान परिस्थितियों में ईरान के भीतर रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) सबसे ताकतवर ताकत बनकर उभरी है और देश के बड़े फैसलों में उनकी आवाज सबसे बुलंद है. ऐसे में मोजतबा के सामने अपनी सत्ता को पूरी तरह स्थापित करने की बड़ी चुनौती है.

Latest news

Related news