दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: नरेला में ज्वाइंट ऑपरेशन, रॉकेट लॉन्चर नष्ट

Delhi terror plot :राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है. दिल्ली के नरेला इलाके में भारतीय सेना, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की संयुक्त टीमों ने एक खास ऑपरेशन चलाकर रॉकेट लॉन्चर सहित भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री को नष्ट कर दिया.

Delhi terror plot : मणिपुर से पकड़े गये थे आतंकी 

सूत्रों के मुताबिक मणिपुर में दो  संदिग्ध आतंकवादी पकड़े गये थे जिनके पास से ये रॉकेट लांचर्स मिले थे. इनके पास से रॉकेट लॉन्चर के साथ-साथ राइफलें, सैकड़ों राउंड जिंदा कारतूस, डिटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्रियां भी मिली थी. बरामद हथियारों की जांच और सुरक्षित निस्तारण के लिए उन्हें दिल्ली लाया गया. अब इन हथियारों को नरेला के टिकरी क्षेत्र में एक नियंत्रित वातावरण में इन्हें नष्ट किया गया.

इस ऑपरेशन के दौरान आसपास के इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई थी. विशेषज्ञ टीमों ने हथियारों को सुरक्षित तरीके से डिसपोज़ किया, ताकि किसी भी तरह का हादसा न हो. अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई आतंकियों द्वारा बड़े हमले की साजिश रचने की योजना को विफल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

दिल्ली में आतंकी नेटवर्क पर पुलिस की खास नजर 

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लगातार आतंकी नेटवर्क और अवैध हथियारों की आपूर्ति पर नजर बनाए हुए है. हाल ही में स्वतंत्रता दिवस से पहले भी दिल्ली-NCR और कश्मीर में आतंकी खतरे को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया था, जिसके बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी. इससे पहले UN रिपोर्ट में लाल किला ब्लास्ट के पीछे अल-कायदा (AQIS) के शामिल होने का भी खुलासा हुआ था, जिसके बाद एनआईए ने विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी.

सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे ज्वाइंट ऑपरेशन से आतंकी गतिविधियों को रोकने और हथियारों की तस्करी नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलती है. दिल्ली पुलिस और सेना की इस त्वरित कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है और गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है

Latest news

Related news