Thursday, February 12, 2026

Mahakumbh Stampede पर पीएम मोदी ने कहा, ‘जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदना’

Mahakumbh Stampede: महाकुंभ में बुधवार तड़के हुई भगदड़ में कई लोग घायल होने और करीब 15 लोगों के जान गवाने की खबरों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है. पीएम ने अपने एक्स पर लिखे पोस्ट में लिखा कि, “मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं.”

Mahakumbh Stampede: पीएम ने जताया भगदड़ पर दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ” प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है. इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है. इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं.”

‘अखाड़ों ने श्रद्धालुओं को पहले पवित्र स्नान कराने पर सहमति जताई है’: योगी आदित्यनाथ

वहीं यूपी के सीएम ने बुधवार को प्रयागराज में महाकुंभ के त्रिवेणी संगम पर मची भगदड़ के कुछ घंटों बाद कहा, स्थिति अब नियंत्रण में है और अखाड़ों ने श्रद्धालुओं को पहले पवित्र स्नान कराने पर सहमति जताई है.
उन्होंने कहा कि उन्होंने अखाड़ा परिषद के अधिकारियों और महामंडलेश्वरों से बात की है, जिन्होंने श्रद्धालुओं को पहले ‘अमृत स्नान’ कराने पर सहमति जताई है. उन्होंने कहा, “स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन भारी भीड़ के कारण दबाव है. मैंने अखाड़ा परिषद के अधिकारियों और महामंडलेश्वरों से बात की है. उन्होंने कहा है कि पहले, पूरे भारत से आए श्रद्धालु पवित्र स्नान करेंगे और जब भीड़ कम हो जाएगी और श्रद्धालु वापस लौट जाएंगे, तब वे संगम में अमृत स्नान के लिए जाएंगे. सभी अखाड़े इस पर सहमत हो गए हैं.”

‘कोई भगदड़ नहीं हुई, बस भीड़भाड़ थी’, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी

इस बीच एसएसपी कुंभ मेला राजेश द्विवेदी ने भगदड़ की घटना से ही इनकार कर दिया है. उन्होंने एएनआई को बताया: “कोई भगदड़ नहीं हुई. बस भीड़भाड़ थी, जिसके कारण कुछ श्रद्धालु घायल हो गए. स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें… अमृत स्नान जल्द ही शुरू होगा… अमृत स्नान की सभी तैयारियां कर ली गई हैं… कई घाट बनाए गए हैं और लोग आसानी से उन घाटों पर डुबकी लगा रहे हैं… मेरे पास हताहतों या घायलों की संख्या नहीं है…”

ये भी पढ़ें-‘महाकुंभ का प्रबंधन तुरंत सेना को सौंपा जाना चाहिए’, ‘विश्वस्तरीय व्यवस्था’ का मिथ्या प्रचार कर रहे लोग पद त्याग दें-अखिलेश यादव

Latest news

Related news