मुकेश अंबानी का बड़ा ऐलान, आज ही SEBI में फाइल होगा DRHP

Jio IPO Mukesh Ambani : रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) की 49वीं एजीएम (AGM) में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बिजनेस जगत की अब तक की सबसे बड़ी घोषणा कर दी है. मुकेश अंबानी ने एलान किया है कि जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) के बोर्ड ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दे दी है और इसे आज ही बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास फाइल किया जा रहा है.

बाजार के जानकारों का मानना है कि यह आईपीओ भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ (India’s Biggest IPO) साबित होने जा रहा है.

Jio IPO Mukesh Ambani:शेयरधारकों के लिए इमोशनल पल

इस ऐतिहासिक फैसले पर मुकेश अंबानी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए, पूरे रिलायंस परिवार और इसके लाखों शेयरहोल्डर्स के लिए बहुत इमोशनल पल है.” उन्होंने आगे जोड़ा कि रिलायंस का अपने शेयरधारकों के साथ गर्व, भरोसे, सम्मान और विकास पर आधारित एक पवित्र रिश्ता है. यह कमिटमेंट धीरूभाई अंबानी के लिए बेहद व्यक्तिगत था और उनके लिए भी उतना ही पवित्र है.

अगली पीढ़ी संभालेगी कमान

मुकेश अंबानी ने रिलायंस की नई पीढ़ी पर भरोसा जताते हुए बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी इस पूरे जियो आईपीओ (Jio IPO) प्रोसेस को हेड कर रहे हैं. भविष्य में वैल्यू क्रिएशन के मौकों को अब अगली पीढ़ी ही लीड करेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि जियो की यह लिस्टिंग दुनिया को दिखाएगी कि भारत ग्लोबल लेवल और ग्लोबल कैपेबिलिटी वाली टेक्नोलॉजी कंपनियां बना सकता है.

पूरी तरह से ‘फ्रेश इश्यू’ होगा आईपीओ

यह आईपीओ पूरी तरह से फ्रेश इश्यू (Fresh Issue) के रूप में बाजार में आएगा. इससे जुटने वाली पूरी रकम का इस्तेमाल जियो के 5G नेटवर्क विस्तार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए किया जाएगा.

$130 बिलियन तक हो सकती है वैल्यू

लिस्टिंग के समय जियो प्लेटफॉर्म्स की कुल मार्केट वैल्यू $110 बिलियन से $130 बिलियन (करीब 9 से 11 लाख करोड़ रुपये) के बीच रहने का अनुमान है. इस भारी-भरकम वैल्यूएशन के साथ जियो देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की लिस्ट में शुमार हो जाएगी. मुकेश अंबानी ने नए और पुराने सभी निवेशकों को आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जियो का भविष्य और भी बेहतर होगा.”

Latest news

Related news