बिहार में एक बार फिर से जेडीयू की कमान होगी इनके हाथ,अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन

JDU Presidential Election :  बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है. अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने नीतीश कुमार की तरफ से दो सेट में नामांकन पत्र जमा करवाये हैं.

JDU Presidential Election:22 मार्च तक है नामांकन की आखिरी तिथि

जदयू के द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि  22 मार्च है. 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी. अगर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में आते हैं तो चुनाव कराया जाएगा, अन्यथा नीतीश कुमार का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है.

अध्यक्ष का चयन मात्र औपचारिकता

प्रदेश स्तर तक जेडीयू में संगठनात्मक चुनाव पहले ही पूरे हो चुके हैं. अब केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिकता बाकी है, जिसे तय समयसीमा में पूरा किया जा रहा है. 24 मार्च नाम वापसी की अंतिम तारीख है, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी.हलांकि अभी तक किसी अन्य नेता के नाम सामने ना आने से ये लगभग तय माना जा रहा है कि  नीतीश कुमार ही एक बार फिर से जेडीयू के फुलटाइम अध्यक्ष की कमान संभालेंगे.

 नेतृत्व बदलाव के मूड में नहीं जेडीयू

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा पहले ही साफ कर चुके हैं कि जेडीयू का हर कार्यकर्ता चाहता है कि नीतीश कुमार ही अध्यक्ष बने रहें. इससे संकेत मिलता है कि पार्टी फिलहाल नेतृत्व में बदलाव के पक्ष में नहीं है और स्थिरता को प्राथमिकता दे रही है.

बिहार की राजनीति में हलचल

प्रदेश में  नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री की चर्चा तेज है, वहीं बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर भी अटकलें जारी हैं. सूत्रों के मुताबिक इस बार बीजेपी मुख्यमंत्री पद का दावा ठोक सकती है. एनडीए के सहयोगी चिराग पासवान ने भी कहा है कि राज्य में अगला सीएम बीजेपी से होना चाहिए.

कई मौकों पर नीतीश कुमार द्वारा मंच से सम्राट चौधरी को आगे लाने को भी संभावित संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. बीजेपी ने साफ किया है कि बिहार में अगला मुख्यमंत्री सभी की सहमति से ही बनाया जायेगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि नित्यानंद राय, सम्राट चौधरी, गिरिराज सिंह जैसे नामों मे से किसी एक को पार्टी मौका देती है, या फिर कोई नया चेहरा सामने आता है. सियासी गलियारों में चर्चा है कि भाजपा इस बार प्रदेश मे किसी महिला नेता को कमान सौंप सकती है.

Latest news

Related news