ईरान-अमेरिका वार्ता : ट्रंप की ‘आर या पार’ की चेतावनी

Iran-US Peace Talks : ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी तनाव को कम करने की दिशा में  बड़ी कूटनीतिक हलचल जारी है. दोनों देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधि बुधवार सुबह पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचने वाले हैं. यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब पूरी दुनिया की नजरें मिडिल ईस्ट में शांति बहाली पर टिकी हैं.

Iran-US Peace Talks : इस्लामाबाद में जुटेंगे दिग्गज नेता

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के अनुसार, पाकिस्तान में इस बातचीत की मध्यस्थता करने वाले अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस और ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ बुधवार सुबह इस्लामाबाद पहुंच जाएंगे. इन दोनों नेताओं की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि दोनों पक्ष किसी ठोस नतीजे पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

वार्ता से पहले ट्रंप के कड़े तेवर

शांति वार्ता की तैयारियों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों ने माहौल को गरमा दिया है. ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका इस समय बातचीत में बेहद मजबूत स्थिति में है. उन्होंने दो-टूक लहजे में कहा है कि वह अब सीजफायर यानी संघर्षविराम को आगे बढ़ाने के पक्ष में बिल्कुल नहीं हैं. ट्रंप का यह रुख स्पष्ट संदेश देता है कि या तो ईरान शर्तों को माने या फिर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे.

ईरान के पास विकल्प नहीं: ट्रंप

अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनबीसी (CNBC) को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने विश्वास जताया कि वह एक ‘ग्रेट डील’ करने जा रहे हैं. ट्रंप ने दावा किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ईरान के पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है. उन्होंने अपनी रणनीति साफ करते हुए कहा कि वह एक ऐसी डील चाहते हैं जो अमेरिका के हितों को पूरी तरह सुरक्षित करे.

समय की कमी और भविष्य की रणनीति

अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनबीसी से बातचीत में ट्रंप से संघर्षविराम को बढ़ाने की संभावना पर जब सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास अब अधिक समय नहीं बचा है और वह इस मामले को और नहीं लटकाना चाहते. हालांकि,उन्होंने उम्मीद जताई कि पाकिस्तान में होने वाली यह मुलाकात सकारात्मक रहेगी. दूसरी ओर, ईरान की तरफ से भी संकेत मिले हैं कि वे इस बातचीत को गंभीरता से ले रहे हैं और उनके वरिष्ठ अधिकारी इस प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक हैं.

Latest news

Related news