ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच वॉशिंगटन में हाई अलर्ट, आर्मी बेस के ऊपर मंडराते दिखे संदिग्ध ड्रोन

US Iran War :अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजधानी वॉशिंगटन में सुरक्षा को लेकर नई चिंता सामने आई है. अमेरिकी अखबार The Washington Post की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 दिनों से हर रात फोर्ट लेस्ली जे. मैकनेयर (Fort Lesley J. McNair) आर्मी बेस के ऊपर कई संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे गए हैं.

US Iran War : विदेश और रक्षा मंत्री के घर के ऊपर मंडरा रहे ड्रोन

रिपोर्ट के अनुसार, यह वही इलाका है जहां अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो (Marco Rubio) और रक्षा मंत्री पीट हेगसेठ ( Pete Hegseth) के सरकारी आवास स्थित हैं. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या ये ड्रोन सीधे तौर पर अमेरिकी शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने की साजिश का हिस्सा हो सकते हैं ?

अमेरिकी अधिकारियों ने इन ड्रोन की मौजूदगी की पुष्टि की है लेकिन अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि ये कहां से संचालित किए जा रहे हैं.

10 दिनों से लगातार दिख रहे ड्रोन, सुरक्षा बढ़ी

सूत्रों के मुताबिक, पिछले 10 दिनों से हर रात इस आर्मी बेस के ऊपर कई ड्रोन देखे गए हैं. इसके बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए White House में उच्चस्तरीय बैठक भी बुलाई गई.

मंत्रियों को शिफ्ट करने पर भी विचार

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात पर विचार किया है कि क्या Marco Rubio और Pete Hegseth को इस स्थान से हटाकर किसी सुरक्षित जगह पर स्थानांतरित किया जाए. हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल दोनों मंत्रियों को शिफ्ट नहीं किया गया है.

फोर्ट मैकनेयर की रणनीतिक अहमियत

Fort Lesley J. McNair अमेरिका का एक बेहद अहम सैन्य केंद्र है, जहां National Defense University स्थित है. यहां पेंटागन के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी रहते हैं.

यह आर्मी बेस Capitol Hill और व्हाइट हाउस के बेहद करीब है, लेकिन अन्य संवेदनशील ठिकानों की तुलना में यहां सुरक्षा बफर अपेक्षाकृत कम माना जाता है.

पहले भी लीक हो चुकी है लोकेशन

रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर में कई मीडिया संस्थानों ने इस आर्मी बेस में स्थित मंत्रियों के सरकारी आवास की जानकारी सार्वजनिक कर दी थी. इसके बाद से सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच वॉशिंगटन में ड्रोन की यह रहस्यमयी गतिविधि अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ निगरानी है या किसी बड़े हमले की तैयारी.

Latest news

Related news