ख्वाजा आसिफ की युद्ध की धमकी पर भारत का करारा जवाब,पीओके का जिक्र कर मानवाधिकार उल्लंघन का मुद्दा उठाया

Khawaja Asif Threat : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा भारत के खिलाफ युद्ध की चेतावनी दिए जाने के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान अपनी नाकामियों और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों से दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के भड़काऊ बयान दे रहा है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की टिप्पणियां उनकी सरकार की विफलताओं को छिपाने की एक हताश कोशिश हैं और भारत इन मनगढ़ंत आरोपों को पूरी तरह खारिज करता है.

Khawaja Asif Threat : PoK की स्थिति पर पाकिस्तान को घेरा

रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूदा हालात वहां की जनता के आर्थिक शोषण, मौलिक अधिकारों के हनन और प्रशासनिक दमन का परिणाम हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान सरकार वर्षों से पीओके के लोगों के साथ भेदभावपूर्ण नीतियां अपनाती रही है.

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीओके में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को दबाने के लिए पाकिस्तान ने आवश्यक वस्तुओं और दवाओं की आपूर्ति बाधित की है. इसके अलावा इंटरनेट सेवाओं को बंद करने और निहत्थे नागरिकों के खिलाफ बल प्रयोग करने जैसे कदम भी उठाए गए हैं.

प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई में गई कई जानें

भारत ने दावा किया कि पीओके में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कई लोगों की जान गई है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन घटनाओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए.

रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके कृत्यों, गलत नीतियों और मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराएगा.”

सिंधु जल संधि को लेकर दी थी युद्ध की धमकी

भारत की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने सिंधु जल संधि के मुद्दे पर भारत को युद्ध की चेतावनी दी थी.

एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि यदि भारत की किसी कार्रवाई से पाकिस्तान की जल सुरक्षा प्रभावित होती है तो उनका देश सैन्य कार्रवाई का रास्ता अपनाने से नहीं हिचकेगा.

उन्होंने कहा, “जिस क्षण हमें लगेगा कि हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा, जिसमें पानी भी शामिल है, खतरे में है, हम भारत के खिलाफ युद्ध शुरू करेंगे.”

भारत-पाकिस्तान तनाव फिर बढ़ने के संकेत

ख्वाजा आसिफ के बयान और उसके बाद भारत की कड़ी प्रतिक्रिया ने दोनों देशों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने के संकेत दिए हैं. हालांकि भारत ने स्पष्ट किया है कि वह पाकिस्तान के आरोपों को पूरी तरह निराधार मानता है और पीओके में मानवाधिकारों की स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जवाबदेही की मांग जारी रखेगा.

Latest news

Related news