Uttarakhand Kotdwar Rain देहरादून / कोटद्वार: उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है. कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित मेहरगांव (भलगांव) में भारी बारिश के कारण एक रिहाइशी मकान ढह गया. इस दर्दनाक हादसे में मकान के मलबे के नीचे तीन लोगों के दबे होने की आशंका है. क्वीक रिप्सांस टीम स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं.
प्रदेश के कई जनपदों में सोमवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश का सिलसिला लगातार जारी है.
Uttarakhand Kotdwar Rain:नदियों में उफान,खतरे के निशान तक पहुंचा जलस्तर
बीती रात से जारी बारिश से सिलगाड़ और लंगूरगाड़ नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़कर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है. लंगूरगाड़ नदी के बढ़ते प्रवाह से सुभाष बाजार वार्ड का कंडवाल मोहल्ला गंभीर खतरे की जद में आ गया है. इसके अलावा सरुड़ा गांव में स्थित पंचायत घर और खोह नदी के तट पर बनी आबादी के लिए भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है. सुरक्षा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम लगातार संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रही है.
वहीं यातायात की बात करें तो नेशनल हाईवे (NH 534) पर कई स्थानों पर हुए भूस्खलन के कारण गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है. रपटों में जलस्तर बढ़ने से स्थिति संवेदनशील बनी हुई है.
उर्गम घाटी: कल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर तक पहुंचा मलबा
ज्योतिर्मठ की प्रसिद्ध उर्गम घाटी में स्थित पंचम केदार भगवान कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भारी भूस्खलन हुआ है. पहाड़ी से आए बड़े-बड़े पत्थरों और मलबे ने मंदिर परिसर और आसपास के रास्ते को प्रभावित किया है.
रास्ते पर भारी मलबा जमा होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह रुक गई है. प्रशासन का कहना है कि जब तक मलबा हटाकर मार्ग साफ नहीं किया जाता, तब तक दर्शन के लिए आवाजाही संभव नहीं होगी.
देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट, कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल बंद
मौसम विभाग (IMD) ने देहरादून और टिहरी गढ़वाल जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान गर्जन-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की चेतावनी दी गई है.
मौसम के गंभीर रुख को देखते हुए देहारादून के जिलाधिकारी (DM) ने सुरक्षा के लिहाज से कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है.
उत्तराखंड में 2 स्टेट हाईवे समेत 91 सड़कें बंद
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भूस्खलन और बारिश के कारण प्रदेश भर में 2 राज्य राजमार्गों सहित कुल 91 सड़कें बंद हैं.
अल्मोड़ा: 5 मार्ग
बागेश्वर: 12 मार्ग
चमोली: 15 मार्ग
नैनीताल: 12 मार्ग
पिथौरागढ़: 11 मार्ग
उत्तरकाशी & टिहरी: 8-8 मार्ग
देहरादून: 7 मार्ग
रुद्रप्रयाग & पौड़ी: 7 और 5 मार्ग
उत्तरकाशी में गंगा और अन्य नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है, हालांकि सोमवार दोपहर तक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 2.65 मीटर नीचे दर्ज किया गया था. प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों से नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है.

