Air India Flight Emergency Landing :बेंगलुरु से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान एक 80 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई. बुजुर्ग यात्री को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति संभाली.
Air India Flight Emergency Landing:एटीसी ने घोषित की मेडिकल इमरजेंसी
घटना गुरुवार 28 मई की है. एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या AI-2418 शाम 5 बजकर 25 मिनट पर बेंगलुरु से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. बीच रास्ते में यात्री की हालत गंभीर होने पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को मेडिकल इमरजेंसी की सूचना दी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एटीसी ने तुरंत फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट करने का फैसला लिया.
लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट प्रशासन पहले से अलर्ट मोड पर था और रनवे के पास एम्बुलेंस व डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई थी.
जैसे ही विमान उतरा, डॉक्टरों ने बुजुर्ग यात्री का तत्काल इलाज शुरू किया. समय रहते मेडिकल सहायता मिलने से यात्री की जान बच गई.
फ्लाइट में सवार थे 128 यात्री
एयर इंडिया एक्सप्रेस की इस फ्लाइट में कुल 128 यात्री सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित रखा गया और किसी अन्य यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
खराब मौसम से भी प्रभावित हो रही हैं उड़ानें
इधर देश के कई हिस्सों में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है. गुरुवार को हैदराबाद से जगदलपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7104 को भी मौसम खराब होने की वजह से बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा.
जगदलपुर में नहीं हो सकी लैंडिंग
इंडिगो की यह फ्लाइट दोपहर 2 बजकर 51 मिनट पर हैदराबाद से रवाना हुई थी लेकिन जगदलपुर में खराब मौसम और खराब विजिबिलिटी के चलते विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो पाई. इसके बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को वापस हैदराबाद लौटाने का फैसला लिया.
सुरक्षित लौटे सभी यात्री
करीब ढाई घंटे बाद शाम 5 बजकर 15 मिनट पर विमान सुरक्षित रूप से हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतरा. फ्लाइट में कुल 79 यात्री सवार थे. एयरलाइन ने बाद में फ्लाइट को रद्द कर दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया.
लगातार बढ़ रही हैं एविएशन सेक्टर की चुनौतियां
एक तरफ मेडिकल इमरजेंसी तो दूसरी तरफ खराब मौसम, दोनों ही स्थितियां इन दिनों एविएशन सेक्टर के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं. हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई.

