Amir Hamza Attack Lahore :पाकिस्तान में एक बार फिर ‘अनजान’ बंदूकधारियों का खौफ लौट आया है. इस बार निशाना बना है भारत का पुराना दुश्मन और लश्कर-ए-तोयबा का संस्थापक सदस्य अमीर हमजा. लाहौर की सड़कों पर दिनदहाड़े हुए इस हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था और वहां पल रहे आतंकियों के बीच दहशत पैदा कर दी है.
Amir Hamza Attack Lahore : बीच सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग
ताजा जानकारी के मुताबिक, आतंकी अमीर हमजा एक न्यूज़ चैनल के दफ्तर के बाहर मौजूद था, तभी मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया. हमलावरों ने बेहद सटीक निशाना साधते हुए हमजा पर गोलियां बरसाईं और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वे मौके से फरार हो गए. इस हमले ने एक बार फिर उन ‘अनजान’ लोगों की याद दिला दी है जो पिछले कुछ समय से पाकिस्तान में चुन-चुनकर आतंकियों का सफाया कर रहे हैं.
हमजा अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
फायरिंग के तुरंत बाद अमीर हमजा को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर है. अमीर हमजा कोई मामूली नाम नहीं है. वह लश्कर के आका हाफिज सईद का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता है और भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों की साजिश रचने में उसका हाथ रहा है.
दहशत में आतंकी संगठन
पाकिस्तान में जिस तरह से एक के बाद एक खूंखार आतंकियों को निशाना बनाया जा रहा है, उसने लश्कर-ए-तोयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों की नींद उड़ा दी है. हमला करने का तरीका किसी फिल्म की पटकथा जैसा नजर आता है—चुपचाप आना, टारगेट को खत्म करना और बिना किसी सुराग के गायब हो जाना. फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन हमलावरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

