Thalapathy Vijay :तमिलनाडु की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के साथ ही जुबानी जंग तेज हो गई है. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद थलापति विजय ने राज्य की आर्थिक स्थिति और कर्ज को लेकर जो बयान दिया, उस पर पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके (DMK) प्रमुख एमके स्टालिन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. स्टालिन ने विजय को जीत की बधाई तो दी, लेकिन साथ ही उनके दावों पर जमकर घेरा भी.
Thalapathy Vijay ने किया था 10 लाख करोड़ के कर्ज का जिक्र
शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में विजय ने लोकलुभावन वादों की झड़ी लगा दी. उन्होंने 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिला सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स के गठन का ऐलान किया. इसी दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तमिलनाडु पर फिलहाल 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है.
‘धन की कमी नहीं, इच्छाशक्ति चाहिए’ – स्टालिन
विजय के इस बयान पर पलटवार करते हुए एमके स्टालिन ने कहा, “अभी से यह कहना शुरू ना करें कि सरकार के पास पैसा नहीं है. धन हमेशा उपलब्ध रहता है, कमी है तो बस उसे जनता तक पहुँचाने की इच्छाशक्ति और बेहतर शासन की क्षमता की.” उन्होंने याद दिलाया कि डीएमके सरकार ने कोविड और बाढ़ जैसी आपदाओं और केंद्र की उपेक्षा के बावजूद अनगिनत कल्याणकारी योजनाएं चलाईं.
बजट की जानकारी पर उठाए सवाल
स्टालिन ने विजय के ‘खाली खजाना’ वाले आरोप पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “तमिलनाडु का ऋण स्तर निर्धारित सीमा के भीतर है. हमने फरवरी के बजट में ही वित्तीय स्थिति साफ कर दी थी. क्या आपको इसकी जानकारी नहीं थी? क्या आपने जनता से सिर्फ खोखले वादे किए थे?”
उन्होंने कहा कि विजय को अब मुद्दों को भटकाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.
स्टालिन की नसीहत: “जनता को धोखा न दें”
डीएमके प्रमुख ने विजय को उनके पुराने बयानों की याद दिलाते हुए कहा कि आप यह कहकर सत्ता में आए थे कि आप वही वादे करेंगे जिन्हें पूरा कर सकें. स्टालिन ने तंज कसते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि हमारी तरह आप भी जल्द ही वादे पूरे करने के तरीके सीख लेंगे. जिन लोगों ने आपको वोट दिया है, उन्हें फिर से धोखा न दें.”
भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं
कड़वाहट के बावजूद स्टालिन ने लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखी. उन्होंने अंत में कहा कि वह और तमिलनाडु की जनता यही उम्मीद करती है कि नई सरकार अपने वादों पर खरी उतरे. उन्होंने विजय के कार्यकाल में तमिलनाडु की विकास यात्रा जारी रहने के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी.

