दिल्ली सरकार की नई पहल: 300 EV बसें लॉन्च और ₹24 करोड़ की सब्सिडी जारी,परिवहन मंत्री ने दी सौगात

Delhi Electric Buses : देश की राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए दिल्ली सरकार अब ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रही है. दिल्ली को फिर से सांस लेने योग्य और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया. दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज सिंह (Dr. Pankaj Kumar Singh -स्वास्थ्य, परिवहन और आईटी विभाग) ने परिवहन विभाग के तहत कई पर्यावरण-अनुकूल और अत्याधुनिक परियोजनाओं का शुभारंभ किया.

Delhi Electric Buses: दिल्ली को मिली 300 नई इलेक्ट्रिक बसें 

दिल्ली की सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए 300 नई इलेक्ट्रिक बसों (EV buses) को हरी झंडी दिखाई गई. मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि ये बसें न केवल यात्रियों का सफर आरामदायक बनाएंगी, बल्कि धुएं से हाफती दिल्ली को ‘ग्रीन सिटी’ में बदलने में मील का पत्थर साबित होंगी.

इंटरस्टेट कनेक्टिविटी और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नानकसर से गाजियाबाद के बीच नई इंटरस्टेट बस सेवा की शुरुआत की है. इससे रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी. इसके साथ ही, परिवहन विभाग को और अधिक आधुनिक बनाने के लिए डीटीसी (DTC) के नए ऑफिस का शिलान्यास भी किया गया, जो स्मार्ट गवर्नेंस की ओर एक बड़ा कदम है.

सीधे खाते में पहुंची ₹24 करोड़ की सब्सिडी

ईवी (EV) अपनाने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने डीबीटी (DBT) के जरिए 12,877 लाभार्थियों को सीधे उनके खातों में ₹24 करोड़ की सब्सिडी ट्रांसफर की है. डॉ. सिंह ने जोर देकर कहा कि तकनीक और पर्यावरण का तालमेल ही दिल्ली का भविष्य है.

राजनीतिक हलचल और जनता की राय

जहां विपक्ष प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार को घेरता रहा है, वहीं इन ‘ग्रीन इनिशिएटिव्स’ ने दिल्ली सरकार को एक “नई रफ्तार” दी है. स्थानीय लोगों ने सरकार के इस कदम की काफी सराहना की है. लोगों का मानना है कि ई-बसों की बढ़ती संख्या और सीधी आर्थिक मदद से इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ेगा.

Latest news

Related news