दिल्ली में सनसनी: IRS ऑफिसर की बेटी की बेरहमी से हत्या, चार्जर की केबल से घोंटा गला

Amar Colony Girl Murder : दिल्ली का पॉश इलाका अमर कॉलोनी उस वक्त दहल गया, जब बुधवार सुबह एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. इस सनसनीखेज वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस को अंदेशा है कि हत्या से पहले युवती के साथ यौन शोषण किया गया और फिर मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई.

माता-पिता जिम गए और पीछे से हो गया कांड

वारदात के वक्त घर में कोई नहीं था. जानकारी के मुताबिक, युवती के माता-पिता हर रोज की तरह बुधवार सुबह भी जिम गए हुए थे. जब वे वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उनकी बेटी बेसुध पड़ी थी और उसकी सांसें थम चुकी थीं. मृतक युवती ने हाल ही में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और वह भविष्य में अपने पिता की तरह प्रशासनिक सेवाओं में जाने के लिए यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही थी.

पुराने घरेलू नौकर पर गहराया शक

पुलिस की शुरुआती जांच में शक की सुई घर के एक पुराने नौकर की ओर घूम रही है. यह शख्स मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और करीब डेढ़ महीने पहले तक इसी घर में काम करता था. बताया जा रहा है कि उसे किसी कारणवश काम से निकाल दिया गया था. पुलिस को संदेह है कि नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने की नीयत से उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया होगा.

यौन शोषण की आशंका और फॉरेंसिक जांच

पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटनास्थल के हालात युवती के साथ यौन उत्पीड़न और संघर्ष की ओर इशारा कर रहे हैं. हत्या के लिए मोबाइल चार्जिंग केबल का इस्तेमाल किया जाना अपराधी की क्रूर मानसिकता को दर्शाता है. मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि यौन शोषण की पुष्टि हो सके.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

अमर कॉलोनी जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस हत्या ने सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है. दिल्ली पुलिस आसपास के घरों और रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की आवाजाही का पता लगाया जा सके. पुलिस की कई टीमें आरोपी नौकर की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू सहायकों के पुलिस वेरिफिकेशन की जरूरत को रेखांकित कर दिया है.

Latest news

Related news