पटना में नीतीश कुमार का बदला पता,1अणे मार्ग से 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट होने लगा सामान

Nitish Kumar New Address : पटना: दिल्ली से राज्यसभा की शपथ लेने के साथ ही सीएम नीतीश कुमार के पटना में आवास बदलने की प्रक्रिया  शुरु हो गई है . नीतीश कुमार ने हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं छोड़ी है लेकिन उनके आधिकारिक आवास ‘1 अणे मार्ग’ से सामानों की शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री का सामान अब पटना के 7 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में भेजा जा रहा है. इस कदम के साथ ही बिहार की राजनीति में उनके अगले कदम यानी इस्तीफा देने को लेकर चल रही खबरें  पुख्ता हो गई हैं.

14 अप्रैल के बाद बिहार में बदलेंगे सीएम ? 

दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संसदीय सफर का नया अध्याय अब दिल्ली से शुरू होने जा रहा है. उन्होंने हाल ही में बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देकर संसद के उच्च सदन, राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की है. एक दिन पहले ही राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि उनका अगला सियासी ठिकाना देश की राजधानी दिल्ली होगी. इसी प्रक्रिया के तहत अब मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे की उल्टी गिनती शुरू मानी जा रही है और धरातल पर इसकी तैयारियां साफ नजर आने लगी हैं.

 7 सर्कुलर रोड बंगले में पहले भी रह चुके हैं नीतीश कुमार 

दिलचस्प बात यह है कि 7 सर्कुलर रोड का यह बंगला नीतीश कुमार के लिए नया नहीं है. इससे पहले भी वह इस आवास में रह चुके हैं. साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद त्यागा था और जीतन राम मांझी को सत्ता सौंपी थी, तब भी वह पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर इसी बंगले में शिफ्ट हुए थे.

सूत्रों की मानें तो जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाएं शुरू हुई थीं, तभी इस बंगले को उनके अगले ठिकाने के रूप में चुन लिया गया था. पिछले कुछ समय से इस आवास को पूरी तरह तैयार किया जा रहा था. अब जबकि नीतीश कुमार ने राज्यसभा की शपथ ले ली है, तो मुख्यमंत्री आवास खाली करने की औपचारिकताएं भी शुरू कर दी गई हैं. पटना की सड़कों पर मुख्यमंत्री के सामान से लदे वाहन अब इसी नए पते की ओर रुख कर रहे हैं, जो बिहार की सत्ता के गलियारों में एक बड़े युग के परिवर्तन का संकेत दे रहे हैं.

Latest news

Related news