गांधीनगर (गुजरात)
गुजरात विधान सभा के लिए दो चरणों में होने वाले मतदान का पहला चरण 1 दिसंबर को है. इसके लिए प्रचार अभियान समाप्त हो गया है. पहले चरण में सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के 19 जिलों के 89 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा.
मतदानकर्मियों के प्रशिक्षण के साथ मतदान की तैयारी पूरी
चुनाव आयोग ने पहले चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी भारती के मुताबिक मतदान के लिए जरुरी व्यवस्थाओं के साथ साथ निर्वाचण कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर तैयार कर लिया गया है.
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह , यूपी सीएम योगी आदित्यानाथ समेत बीजेपी के तमाम नेता प्रचार के लिए मैदान में नजर आये. भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, हिमाचल प्रदेश, असम, गोवा के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मनसुख मंडाविया, पुरुषोत्तम रूपाला, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, नितिन गडकरी ने भी पहले चरण के चुनाव के दौरान प्रचार किया.
सत्तारुढ़ बीजेपी लगातार 7वीं बार जीत केलिए लगा रही है एड़ी चोटी का जोर
लगतार 6 बार से सत्ता पर काबिज रही बीजेपी को इस बार राज्य में आम आदमी पार्टी से कड़ी टक्कर मिल रही है. कई जगहों पर कांग्रेस का पलड़ा भी भारी नजर आ रहा है.
चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में बीजेपी ने अपने सभी तरह के स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और भोजपुरी गायक और सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए पार्टी उम्मीदवारों के लिए रैलियां कीं.
कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस पार्टी का प्रचार करने पहुंचे.भारत जोड़ो यात्रा कर रहे राहुल गाँधी ने भी यात्रा के दौरान दो बार गुजरात में रैलियों को संबोधित किया.
आम आदमी पार्टी की कमान खुद दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने संभाली हुई है. आप संजोयक अरविंद केजरीवाल पंजाब सीएम भगवंत मान के साथ मैदान में डटे हुए हैं.
गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण में 89 सीटों के लिए कुल 788 उम्मीदवार मैदान में हैं , इनमें 718 पुरुष और केवल 70 महिलाएं हैं.





