Saturday, March 7, 2026

दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार अनंत सिंह को फांसी की सजा देने की मांग, पोते ने अपनी जान को भी बताया खतरा

Mokama Anant Singh Arrest : मोकामा के दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार अनंत सिंह को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की तैयारी  है. दुलारचंद यादव हत्याकांड के मुख्य नामजद आरोपी अनंत सिंह को पटना पुलिस ने शुक्रवार की रात करीब 11 बजे उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया था. अनंत सिंह के साथ उनके दो सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया गया है. अनंत सिंह के साथ-साथ पुलिस ने रातभर की छापेमारी में करीब 80 लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है और लगातार पूछताछ हो रही है.

Mokama Anant Singh Arrest :पोते ने की फांसी देने की मांग 

अनंत सिंह के अलावे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इस बीच मृतक दुलारचंद यादव के पोते नीरज यादव ने दावा किया है कि उनकी जान को भी खतरा है. नीरज यादव ने अपने दादा की मौत के लिए बाहुबली अनंत सिंह को जिम्मेदार मानते हुए फांसी की सजा की मांग की है. नीरज यादव का आरोप है कि इस मामले में आरेपियों को सरकार का भी समर्थन है…

 दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में उनके परिजनों ने जेडीयू के प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह के अलावा उनके भतीजे कर्मवीर, राजवीर और छोटन सिंह को नामजद किया है. इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस लगातार मोकामा, पंडारक और आस-पास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है. इस मामले में दूसरे पक्ष के आरोपी जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी समेत दूसरे बाहुबली सूरजभान सिंह के लोगों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है.

मोकामा और आस-पास के इलाके में हालात तनावपूर्ण 

आपको बता दें कि दुलारचंद यादव जो कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते थे , उनको भी मोकामा के इलाके में बाहुबली माना जाता था. दुलारचंद यादव बीते दिनों लगातार अनंत सिंह पर बयान भी दे रहे थे. अब गुरुवार को चुनाव प्रचार के दौरान हुए हंगामे और दुलारचंद की हत्या के मामले में अनंत सिंह को सीधे तौर पर नामजद किया गया है. सीधे तौर पर इसे बदले के लिए की गई हत्या माना जा रहा है .

6 नवंबर के बाद रिमांड पर लिये जा सकते हैं अनंत सिंह 

बिहार में 6 नवंबर को पहले चरण का मतदान होने वाला है, ऐसे में पुलिस फिलहाल अनत सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी में नहीं है. जानकारों के मुताबिक पहले चरण की वोटिंग के बाद पुलिस अनंत सिंह को रिमांड पर ले सकती है और आगे की पूछताछ कर सकती है. अनंत सिंह पर दुलारचंद यादव की हत्या के साथ-साथ 2025 के विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी दर्ज है. चुनावी माहौल के बीच इस घटना ने राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं.

Latest news

Related news