अभिषेक बनर्जी के ऑफिस बिल्डिंग पर फायर विभाग का एक्शन,बेसमेंट समेत दो मंजिलें खाली करने का नोटिस

Abhishek Banerjee Office Building कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय वाली इमारत को लेकर फायर डिपार्टमेंट ने बड़ा कदम उठाया है. कोलकाता के 9 कैमक स्ट्रीट स्थित इमारत के बेसमेंट, छठी और सातवीं मंजिल को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है. फायर विभाग ने यहां अग्नि सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर खामियां पाए जाने की बात कही है.

अधिकारियों के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट में आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले. इसके अलावा सातवीं मंजिल पर भी फायर सेफ्टी व्यवस्था में कई कमियां सामने आई हैं. विभाग ने इमारत के मालिक को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था.

Abhishek Banerjee Office Building:48 घंटे में जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई

फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी के अनुसार, इमारत के मालिक को कमियों के संबंध में जवाब देने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था. निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने के बाद विभाग ने बेसमेंट और छठी-सातवीं मंजिल को खाली करने का नोटिस जारी किया.

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर नहीं किया जाता और वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट हासिल नहीं किया जाता, तब तक इन हिस्सों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.

10 अगस्त को खत्म हो चुका था फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट

अधिकारियों के मुताबिक, इस इमारत का फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट 10 अगस्त को समाप्त हो चुका था. इसके बाद भी इसका नवीनीकरण नहीं कराया गया था. फायर विभाग ने नोटिस में सुरक्षा मानकों को पूरा करने और वैध प्रमाणपत्र हासिल करने तक संबंधित हिस्सों का उपयोग रोकने को कहा है.

अधिकारियों का कहना है कि बेसमेंट में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की स्थिति में आग लगने पर गंभीर हादसा हो सकता है.

सातवीं मंजिल पर भी मिलीं कई खामियां

सोमवार को पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने इमारत की सभी मंजिलों का निरीक्षण किया था. जांच के दौरान सातवीं मंजिल पर आग बुझाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई.

इसके अलावा आग लगने की स्थिति में बाहर निकलने के लिए कोई निर्धारित निकासी मार्ग (Emergency Exit) नहीं मिला. निरीक्षण में फायर अलार्म सिस्टम में भी गड़बड़ी पाए जाने की बात नोटिस में कही गई है.

अभिषेक बनर्जी के ऑफिस पर हमले के बाद कार्रवाई

फायर विभाग की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी के ऑफिस में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी. तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना के लिए बीजेपी से जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराया है.

इससे पहले भी 9 कैमक स्ट्रीट स्थित इमारत को लेकर विवाद सामने आ चुका है. अधिकारियों ने इमारत से TMC का एक कथित गैरकानूनी होर्डिंग हटाया था. होर्डिंग हटाने के दौरान अभिषेक बनर्जी के निजी सुरक्षा गार्ड, समर्थकों और पार्टी के कुछ नेताओं की पुलिस तथा कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों के साथ झड़प की बात सामने आई थी.

फिलहाल फायर विभाग की ओर से जारी नोटिस के बाद इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन मानकों को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है.

Latest news

Related news