Delhi Palam Fire : देश की राजधानी दिल्ली का पालम इलाका आज सुबह चीख-पुकार और मातम से गूंज उठा. साध नगर स्थित राम चौक बाजार के पास एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 9 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है.
Delhi Palam Fire – शॉर्ट सर्किट बना काल: बेसमेंट से शुरू हुई थी आग
हादसा पालम मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक रिहायशी और कमर्शियल बिल्डिंग में हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग सुबह के वक्त इमारत के बेसमेंट या ग्राउंड फ्लोर पर बने कॉस्मेटिक और कपड़ों के शोरूम में लगी थी.
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपर की मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया. जिस समय आग फैली, परिवार के सदस्य ऊपर सो रहे थे. धुएं और लपटों के कारण किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है.
अपनों को खोने का गम: मृतकों की पहचान
इस हादसे ने पालम के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। जान गंवाने वालों में परिवार के बुजुर्ग से लेकर बच्चे तक शामिल हैं.
मृतकों के नाम
प्रवेश उम्र 33 वर्ष , कमल 39 वर्ष, अशु/अनिल उम्र 32 से 35 साल , लाडो उम्र 70 साल, हिमांशी उम्र 22, दीपिका उम्र 28 साल , तीन नाबालिग बच्चियां. जिनकी उम्र 3 से 15 साल के बीच थी.
संकरी गलियां और धुएं का गुबार: रेस्क्यू में आई बाधा
दिल्ली फायर सर्विस को सूचना मिलते ही 30 दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं. इलाके की संकरी गलियां और बिल्डिंग से निकलते काले धुएं के गुबार ने बचाव कार्य में भारी बाधा डाली. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन तब तक 9 लोग दम तोड़ चुके थे. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और कूलिंग प्रोसेस चल रहा है.
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं. सरकार ने प्रभावित परिवार को हर संभव आर्थिक और कानूनी मदद का आश्वासन दिया है.

