असम और पुडुचेरी में भारी मतदान, शाम 4:30 बजे तक के आंकड़ों ने तोड़े रिकॉर्ड

Assam Kerala Puducherry Voting : विधानसभा चुनावों के महत्वपूर्ण चरण में आज असम, केरल और पुडुचेरी में मतदाताओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है. सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. चुनाव आयोग द्वारा जारी शाम 4:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में 75.91 प्रतिशत, पुडुचेरी में 72.40 प्रतिशत और केरल में 62.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने भी सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग कर जनता से अधिक से अधिक मतदान की अपील की.

असम: दक्षिण सालमारा में बंपर वोटिंग

असम की 126 सीटों के लिए हो रहे मतदान में मतदाता काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं. राज्य के दक्षिण सालमारा मानकाचर जिले में अब तक सबसे अधिक 84.24 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि कामरूप (मेट्रो) में सबसे कम 65.30 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड की गई है. असम विधानसभा के लिए कुल 2.5 करोड़ से अधिक मतदाता 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं. सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी 31,490 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है.

केरल: महिलाओं और युवाओं में जबरदस्त जोश

केरल की 140 सीटों पर हो रहे चुनाव में इस बार महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है. राज्य के कुल 2.6 करोड़ मतदाताओं में से 1.38 करोड़ से अधिक महिलाएं हैं. अब तक के रुझानों में एर्नाकुलम जिला 66 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे है. चुनाव आयोग ने सुरक्षित मतदान के लिए राज्य भर में 30,471 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं. यहां 883 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 4 मई को मतगणना के दिन होगा.

पुडुचेरी: पहली बार वोट डालने वालों में उत्साह

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए भी आज मतदान जारी है. यहां कुल 10,14,070 मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे. आंकड़ों के अनुसार, 18-19 वर्ष की आयु के करीब 24,156 युवा मतदाता पहली बार लोकतंत्र के इस महापर्व का हिस्सा बन रहे हैं. पुडुचेरी में भी शाम होते-होते मतदान प्रतिशत में भारी उछाल आने की संभावना है.

सभी राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल और चुनाव कर्मियों की तैनाती की गई है. आपात स्थिति के लिए रिजर्व बैलेट यूनिट और वीवीपीएटी (VVPAT) मशीनों का भी इंतजाम रखा गया है. इन तीनों राज्यों के चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

Latest news

Related news